गाजियाबाद के होटल में भीषण आग, लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रहीं, मौके पर दमकल

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ओयो होटल विवेक क्लब में भयंकर आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज है कि पूरा होटल ढक जा रहा है। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं और आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

Oct 10, 2025 - 21:16
 0
गाजियाबाद के होटल में भीषण आग, लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रहीं, मौके पर दमकल


 

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के थाना साहिबाबाद क्षेत्र स्थित एसीपी ऑफिस के पास शुक्रवार देर शाम अचानक उस वक्त भगदड़ मच गई, ज़ब वहां स्थित ओयो होटल विवेक क्लब में अचानक ही भीषण आग लग गई। अचानक उठे धुएं और लपटों से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना के आधार पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल की बेसमेंट में पतंजलि मेगा स्टोर संचालित है। बताया जा रहा है कि शुरुआती दौर में आग पतंजलि मेगा स्टोर से ही शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी इमारत को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि आग लगते ही होटल में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। राहत-बचाव कार्य और आग बुझाने का सिलसिला अभी भी जारी है।

उधर, पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी है। मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए, जिन्हें हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान अत्यधिक बताया जा रहा है।