आगरा के कमला नगर में 25 जनवरी को विराट हिंदू सम्मेलन, पंच परिवर्तन के संकल्प के साथ गूंजेगा हिन्दू चेतना का शंखनाद
आगरा। हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधने, सनातन संस्कृति के मूल्यों को सशक्त करने और सामाजिक समरसता को नई धार देने के उद्देश्य से कमला नगर में आयोजित होने जा रहा विराट हिन्दू सम्मेलन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। शुक्रवार को कमला नगर हिन्दू सम्मेलन समिति द्वारा सम्मेलन के पोस्टर का विधिवत विमोचन टेम्पटेशन रेस्टोरेंट में समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर आयोजन को लेकर उत्साह और संकल्प स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।
आयोजन सचिव मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर न केवल आगरा बल्कि देशभर में हिन्दू समाज में भारी उत्साह है। उन्होंने जानकारी दी कि 25 जनवरी को सत्यम पार्क, कमला नगर में आयोजित इस विराट आयोजन में अंतरराष्ट्रीय कथा मर्मज्ञ मृदुलकांत शास्त्री, मुख्य वक्ता विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक बड़े दिनेश तथा विशिष्ट अतिथि साध्वी बृजकिशोरी धर्म, संस्कृति, राष्ट्र और समाज से जुड़े ज्वलंत विषयों पर प्रभावशाली बौद्धिक उद्बोधन देंगे।
समिति सदस्य मुरारी लाल फत्तेपुरिया ने बताया कि इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को सनातन परंपराओं, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रबोध से जोड़ने के लिए यह सम्मेलन एक निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस आयोजन में संत-महात्मा, विद्वान वक्ता और समाज के लगभग पांच हजार प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि 18 जनवरी को भूमि पूजन, 19 जनवरी को प्रचार रथ रवाना, 23 जनवरी को सरस्वती विद्या मंदिर से वाहन रैली तथा 25 जनवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
पार्षद पंकज अग्रवाल और हरिओम बाबा ने बताया कि सम्मेलन का मूल उद्देश्य पंच परिवर्तन के माध्यम से हिन्दू समाज को जाग्रत करना है। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन- स्वभाव, परिवार, समाज, राष्ट्र और प्रकृति के माध्यम से समाज में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने का संकल्प इस सम्मेलन का मूल संदेश है। समिति की ओर से सभी सनातन प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर महिला संयोजक सीमा अग्रवाल, रोहित जैन, भारत महाजन, अनिल अग्रवाल, आर. एस. गुप्ता, गुड्डू शर्मा, मीरा, श्रुति, सोनिया, प्रियंका, मीनू, मिल्क, श्वेता, साधना, सोनिया, मालती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।