आगरा से राजस्थान के खाटू धाम तक उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों निशानों संग श्याम नाम की गूंज, भव्य निशान यात्रा में आकर्षक झांकियां, श्याम बाबा का सुसज्जित डोला, बैंड-बाजे, ऊंट, पुष्प व इत्र वर्षा, अखंड ज्योति, अलौकिक शृंगार और भव्य दरबार रहे आकर्षण का केंद्र
श्याम भक्ति, श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब आगरा से निकली भव्य निशान यात्रा राजस्थान में रिंगस से खाटू धाम तक आस्था के महासागर में तब्दील हो गई। जयकारों, कीर्तन और भक्ति रस में डूबी इस पदयात्रा में हजारों श्याम प्रेमियों ने निशान अर्पित कर बाबा श्याम के चरणों में अपनी आस्था समर्पित की।
आगरा। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, आगरा के सानिध्य में श्री श्याम सेवक परिवार समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय चलो खाटू धाम भव्य निशान यात्रा में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। आगरा सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों श्याम प्रेमी निशान उठाकर रिंगस से खाटू धाम तक पदयात्रा करते हुए बाबा श्याम की शरण में पहुंचे।
भव्य निशान यात्रा में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां, सुसज्जित श्याम बाबा का डोला, बैंड-बाजे, ऊंट, पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा, अखंड ज्योति, अलौकिक शृंगार और भव्य दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। हाथों में निशान लिए भक्त नृत्य, कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे संपूर्ण मार्ग भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
निशान यात्रा का शुभारंभ श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल, विपिन बंसल, सचिव संजय अग्रवाल, अजय गर्ग (आवागढ़) एवं विकास गोयल द्वारा श्याम बाबा के डोले पर ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। यात्रा मार्ग में हेमेंद्र अग्रवाल और विपिन बंसल द्वारा श्याम बाबा के डोले से श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, आगरा के सानिध्य में श्री श्याम सेवक परिवार समिति द्वारा भव्य निशान यात्रा एवं 56 भोग महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें देशभर से श्याम प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।
ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि आयोजन के द्वितीय दिवस बुधवार, 24 दिसंबर को श्याम बाबा को चांदी का छत्र अर्पित किया जाएगा। यह छत्र छत्तीसगढ़ धर्मशाला से श्री खाटू श्याम जी मंदिर तक पदयात्रा के माध्यम से ले जाया जाएगा, जिसमें श्याम प्रेमी बारी-बारी से इसे अपने हाथों में लेकर चलेंगे। इसके पश्चात चौखानी धर्मशाला मित्र मंडल के समीप महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
निशान यात्रा के उपरांत सायंकाल कला भवन, श्री खाटू श्याम जी, सीकर में सुप्रसिद्ध भजन गायक मयंक अग्रवाल (अबोहर) द्वारा भजन संध्या आयोजित की गई। “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा”, “चलो बुलावा आया है, खाटू धाम बुलाया है” जैसे सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर यश अग्रवाल, मनीष बंसल, अर्पित सुगंधी, अल्पेश खंडेलवाल, सुनील शुक्ला, पंकज अग्रवाल, अनूप गोयल, प्रबल अग्रवाल, आकाश गुप्ता, गौरव बंसल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, अमित गोयल, अभिनव मोंटू भार्गव, विशाल गोयल, राकेश गर्ग, विजय गुप्ता, रमेश चंद्र अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, अरविंद गुप्ता, अनुराग गर्ग, मनोज अग्रवाल, रवि बंसल, आशीष अग्रवाल, संतोष गुप्ता, सुमन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महिलाओं ने रचाई श्याम नाम की मेहंदी
भव्य निशान यात्रा की पूर्व संध्या पर महिला श्रद्धालुओं द्वारा विशेष मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं ने श्रद्धा भाव से अपने हाथों पर श्याम बाबा के नाम की मेहंदी रचाई। इस अवसर पर पल्लवी अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, ज्योति गर्ग, निधि बंसल, मीरा अग्रवाल, पूजा भार्गव, रूपाली गर्ग, आराधना मित्तल, मोहिनी गुप्ता, दीपिका गर्ग, राखी गुप्ता, प्रियंका बंसल सहित अनेक श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं।