आगरा में हाईवे पर एत्मादपुर में भीषण जाम, बरहन तिराहे पर ट्रक से टकराने से बाल-बाल बची कार, नासूर बन चुका है यहां का जाम

आगरा। आगरा-फिरोजाबाद नेशनल हाइवे पर एत्मादपुर क्षेत्र के कुख्यात बरहन तिराहे पर रविवार को भीषण जाम के बीच बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा। ट्रक के आगे अचानक एक कार आ गई। ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने से कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया। कई किलोमीटर तक फैले जाम ने एक बार फिर इस तिराहे की अव्यवस्था और खतरनाक स्थिति को उजागर कर दिया, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

Nov 23, 2025 - 21:08
 0
आगरा में हाईवे पर एत्मादपुर में भीषण जाम, बरहन तिराहे पर ट्रक से टकराने से बाल-बाल बची कार, नासूर बन चुका है यहां का जाम
आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर एत्मादपुर में बरहन तिराहे पर ट्रक के सामने आई कार, जिसमें हादसा टल गया।

आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर एत्मादपुर थाना क्षेत्र के बरहन तिराहे पर रविवार को भारी जाम के बीच एक बड़ा हादसा होने से बच गया। एक कार ट्रक के अचानक सामने आ गई। जाम के कारण दोनों वाहन धीमी गति से चल रहे थे, जिससे कार सवार बाल-बाल बच गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में परिवार सवार था और यह घटना एक भीषण दुर्घटना में बदल सकती थी।

बरहन तिराहा वैसे भी लंबे समय से हादसों का केंद्र बना हुआ है। कुछ दिन पहले यहीं एक बाइक ट्रेलर के नीचे आ गई थी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इससे कुछ समय पहले इसी तिराहे पर एक टैंकर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद चौराहे पर न तो ट्रैफिक कंट्रोल के ठोस इंतजाम हैं और न ही गति नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था।

रविवार को भी इस तिराहे पर भीषण जाम के कारण लोगों को दो से तीन घंटे तक फंसे रहना पड़ा। हाईवे की दोनों लेनों पर वाहनों की कई-कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि बरहन तिराहा क्रॉस करना अब "जोखिम भरा दांव" बन चुका है।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जाम खुलवाने में जुट गई। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति सामान्य कर दी गई है, लेकिन यात्रियों में गुस्सा और चिंता दोनों साफ दिखाई दिए।

SP_Singh AURGURU Editor