आगरा में ट्रैफिक सुधार का मास्टर प्लान तैयार,मंडलायुक्त ने मेट्रो और ट्रांसपोर्ट अफसरों को दिए सख्त निर्देश

आगरा। जनपद आगरा में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेट्रो निर्माण, सड़क मरम्मत, बस अड्डों की व्यवस्था, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक कंट्रोल जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

Feb 9, 2026 - 21:01
 0
आगरा में ट्रैफिक सुधार का मास्टर प्लान तैयार,मंडलायुक्त ने मेट्रो और ट्रांसपोर्ट अफसरों को दिए सख्त निर्देश
ट्रैफिक को लेकर अधिकारियों संग बैठक करते हुए।

मण्डल आयुक्त की अध्यक्षता में मेट्रो, पुलिस और परिवहन विभाग की अहम बैठक

आगरा। जनपद आगरा में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेट्रो निर्माण, सड़क मरम्मत, बस अड्डों की व्यवस्था, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक कंट्रोल जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने जानकारी दी कि माल रोड और एमजी रोड पर आगरा कॉलेज तक मेट्रो का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।
मण्डल आयुक्त ने निर्देश दिए कि ट्रैफिक नियंत्रण के लिए स्थल-स्थल पर मार्शल तैनात किए जाएं। मेट्रो द्वारा 20 मार्शल यातायात पुलिस को उपलब्ध कराए जाएं। 

बैरिकेडिंग हटते ही सड़क और फुटपाथ दुरुस्ती अनिवार्य

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जहां-जहां मेट्रो कार्य के चलते बैरिकेडिंग हटाई जा चुकी है, वहां सड़क मरम्मत, क्षतिग्रस्त फुटपाथों का पुनर्निर्माण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन साइनेज लगाने को भी कहा गया।

पेड़ों के कटान  पर सुप्रीम कोर्ट की अनुमति का इंतजार

नगर आयुक्त, आगरा ने बताया कि एमजी रोड पर 144 पेड़ों के कटान की अनुमति अभी उच्चतम न्यायालय से नहीं मिली है, जिससे मेट्रो कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर मण्डल आयुक्त ने परियोजना निदेशक को निर्देशित किया कि सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर शीघ्र अनुमति प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

बस अड्डों और अवैध संचालन पर सख्ती

मंडलायुक्त ने अबूलाला दरगाह पर बस ले-बाई निर्माण हेतु आरटीओ, मेट्रो और रोडवेज को संयुक्त निरीक्षण कर स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए। कुबेरपुर में निजी बस अड्डे के अवैध संचालन की शिकायत पर उन्होंने आरटीओ को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने और रोडवेज प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर दिशा-सूचक साइनेज की तैयारी

यमुना एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और इनर रिंग रोड से ग्वालियर, भरतपुर, हाथरस, धौलपुर जैसे जनपदों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए स्पष्ट साइनेज लगाए जाने को लेकर संबंधित विभागों की अलग बैठक तय करने के निर्देश दिए गए।

किलोमीटर आधारित टोल टैक्स पर रिपोर्ट तलब

जेपी इन्फ्राटेक के प्रतिनिधि ने बताया कि किलोमीटर आधारित टोल टैक्स प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया जारी है। मण्डल आयुक्त ने निर्देश दिए कि अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। अपर पुलिस आयुक्त (यातायात) और मेट्रो परियोजना निदेशक को निर्देश दिए गए कि यातायात नियंत्रण में लगाए गए कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराई जाए। 

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, अपर पुलिस आयुक्त यातायात हिमांशु गौरव, आरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी, आरटीओ प्रशासन अरुण कुमार, रोडवेज मैनेजर बीपी अग्रवाल, एसीपी ट्रैफिक राम प्रवेश गुप्ता, आगरा मेट्रो परियोजना निदेशक अरविन्द कुमार राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।