मथुरा बार एसोसिएशन ने डॉ. उपमन्यु सहित कई विशिष्ट जनों को किया सम्मानित
मथुरा। मथुरा बार एसोसिएशन द्वारा न्यायिक और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट जनों को सम्मानित कर कृतज्ञता व्यक्त की गई। बार कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट, स्पेशल डीजीसी पॉक्सो श्रीमती अलका उपमन्यु, पूर्व असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स एवं अधिवक्ता पोनिया सहित अन्य विशिष्ट जनों को प्रशस्ति पत्र और प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मथुरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और सचिव शिव कुमार शर्मा ने बार कार्यालय में सभी सम्मानित अतिथियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके योगदान की सराहना की। समारोह में अधिवक्ताओं और बार के सदस्यों ने तालियों के साथ सम्मानित व्यक्तियों का अभिनंदन किया।
बार एसोसिएशन द्वारा डॉ. कमलकांत उपमन्यु को दिए गए प्रशंसा पत्र में उल्लेख किया गया कि उनके प्रयासों से मथुरा न्यायालय प्रांगण में वादकारियों के लिए बड़ा वाटर कूलर लगवाया गया, बैठने के लिए सीमेंट की बेंच उपलब्ध कराई गईं, साथ ही मथुरा बार एसोसिएशन की प्रकाशित होने वाली डायरेक्टरी के लिए भी विशेष सहयोग प्रदान किया गया। इन सेवाओं को न्यायालय परिसर में आने वाले वादकारियों और अधिवक्ताओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. उपमन्यु एवं श्रीमती अलका उपमन्यु का कार्य केवल अपने-अपने दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने समाज और न्यायिक व्यवस्था के हित में निरंतर सकारात्मक भूमिका निभाई है।