मथुरा से 'एक साथ चुनाव' अभियान को नई गति, अश्विनी चौबे बोले- यह राष्ट्र समृद्धि का मार्ग है
मथुरा। ‘एक देश, एक चुनाव’ अभियान को मथुरा में रविवार को मथुरा में गति मिली। राधेश्याम चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा द्वारा मसानी रोड स्थित अग्रवाटिका में आयोजित विचार गोष्ठी में इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता अश्विनी चौबे, शिक्षाविद प्रो. (डॉ.) रमाकांत द्विवेदी और संस्था के महासचिव श्री सौरभ त्रिपाठी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने इस अभियान को राष्ट्रहित में अत्यंत आवश्यक बताते हुए शीघ्र लागू किए जाने की आवश्यकता जताई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अश्विनी चौबे ने दोहराया कि बार-बार चुनाव होने से न केवल संसाधनों की बर्बादी होती है, बल्कि यह प्रशासनिक और विकास कार्यों में रुकावट भी पैदा करता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘एक देश, एक चुनाव’ की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे देश की समृद्धि, संसाधनों के संरक्षण और लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने इस पहल का विरोध करने वाली पार्टियों, विशेषकर कांग्रेस, पर निशाना साधते हुए इसे जनभावनाओं के प्रतिकूल बताया।
चुनाव विशेषज्ञ प्रो. रमाकांत द्विवेदी ने अपने विशिष्ट संबोधन में कहा कि बार-बार चुनाव से न केवल योजनाओं की गति प्रभावित होती है, बल्कि इसका असर देश की आर्थिक, प्रशासनिक और यहाँ तक कि विमानन सेवाओं पर भी पड़ता है।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए संस्था के महासचिव सौरभ त्रिपाठी ने स्वागत भाषण में बताया कि हमारा उद्देश्य न केवल इस विषय पर जागरूकता फैलाना है, बल्कि इसके कार्यान्वयन में आ रही बाधाओं को जनसहभागिता से दूर करना भी है।
संस्था के लव कुमार गुप्ता ने कलराज मिश्र के स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रम में नहीं आने पर उनका संदेश पढ़कर सुनाया और जल्द मथुरा और वृंदावनवासियों से मिलने का संकल्प जताया।
इस अवसर पर मंच पर विधायक गोकुल श्री पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन ठाकुर मेघ श्याम, महापौर श्री विनोद अग्रवाल, एमएलसी ठाकुर ओमप्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष श्री राजू यादव, पूर्व चेयरमैन श्री रविंद्र पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. डीपी गोयल समेत बड़ी संख्या में मंच पर गणमान्य लोग मौजूद रहे।