मथुराः सिर्फ एक मिनट में खाते से उड़ गए 9.90 लाख रुपये, व्हाट्सएप पर आए मैसेज से हुआ खुलासा
मथुरा। जनपद के थाना फरह क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुरकंदा निवासी जीतू एक बड़ी साइबर ठगी का शिकार हो गया। जीतू का खाता टाउनशिप स्थित एचडीएफसी बैंक में संचालित है। उसने बताया कि 24 जुलाई की दोपहर अचानक उसके व्हाट्सएप पर एक के बाद एक कई मैसेज आए, जिन्हें देखकर उसके होश उड़ गए। खाते से एक मिनट के भीतर 9 लाख 90 हजार रुपये गायब हो चुके थे।
-फरह क्षेत्र के कुरकंदा गांव के युवक से हुई साइबर ठगी, बैंक खाते से उड़े लाखों
व्हाट्सएप पर आए कई मैसेज, तब जाकर हुआ शक
जीतू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसे अचानक एक ही मिनट के भीतर चार-पांच मैसेज प्राप्त हुए, जो बैंक से संबंधित थे। जब उसने मैसेज खोलकर देखे, तब तक उसका खाता साफ हो चुका था। उसे समझ ही नहीं आया कि आखिर इतना बड़ा ट्रांजैक्शन कैसे और कब हो गया।
1930 पर की शिकायत, फिर दी थाने में तहरीर
घटना की गंभीरता को समझते हुए पीड़ित ने तुरंत साइबर अपराध की हेल्पलाइन 1930 पर फोन कर जानकारी दी। हालांकि तब तक साइबर ठग अपना काम कर चुके थे। इसके बाद जीतू ने स्थानीय थाना फरह में जाकर लिखित शिकायत दी और साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित बोला- खाते से जुड़े नंबर से कभी नहीं किया ट्रांजैक्शन
पीड़ित ने यह भी बताया कि उसके बैंक खाते में जो मोबाइल नंबर लिंक है, उससे उसने कभी कोई लेन-देन नहीं किया है। इससे संदेह गहराता है कि या तो किसी तरह से उसका बैंकिंग डेटा लीक हुआ है या फिर फिशिंग और क्लोनिंग के जरिए साइबर ठगों ने यह रकम निकाल ली है।
पुलिस ने जांच शुरू की, साइबर सेल से भी मांगी जाएगी मदद
थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह ने बताया कि फरियादी की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है, और जल्द ही साइबर सेल की मदद से तकनीकी विश्लेषण किया जाएगा ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। पुलिस बैंक और मोबाइल कंपनी से भी जानकारी एकत्र कर रही है।