धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर मौलाना रजवी का पलटवारः भारत के मुसलमानों को नकली कहना गलत
बरेली। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शास्त्री का यह कहना कि भारत के मुसलमान नकली हैं और विदेश में रहने वाले मुसलमान असली हैं, पूरी तरह आधारहीन है।
मौलाना रजवी ने सवाल उठाया कि आखिर धीरेंद्र शास्त्री के पास कौन सा पैमाना है जिससे उन्होंने यह तय कर लिया कि कौन असली मुसलमान है और कौन नकली। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल भ्रामक है बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला भी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दुनिया में जितने भी इंसान हैं वे सभी हज़रत आदम अलैहिस्सलाम की औलाद हैं और हज़रत आदम मुसलमान थे। ऐसे में शास्त्री जी को यह सोचना चाहिए कि वे खुद किस श्रेणी में आते हैं। मौलाना रजवी ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि असली और नकली का फर्क वही करता है जो खुद नकली होता है, जबकि असली लोग हमेशा खामोश रहते हैं और अपनी जुबान से अनावश्यक बातें नहीं निकालते।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत के जितने भी मुसलमान हैं वे पूरी तरह शरीअत और इस्लाम के वसूलों पर अमल करने वाले लोग हैं। धीरेंद्र शास्त्री जैसे बयानों से मुसलमानों का विश्वास और आस्था डगमगाने वाली नहीं है। उन्होंने सरकार और समाज से अपील की कि इस तरह के बयानबाज़ी पर अंकुश लगाया जाए, जिससे देश का भाईचारा और अमन-शांति बरकरार रह सके।