मौलाना शहाबुद्दीन ने दिल्ली की सीएमको लिखा पत्र, मस्जिद में सपा की बैठक कराने वाले इमाम को हटाएं
बरेली। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर नई दिल्ली स्थित संसद मार्ग की मस्जिद के इमाम मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को हटाने की मांग की है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि इमाम की मौन स्वीकृति से मस्जिद में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक बैठक आयोजित कर मस्जिद की पवित्रता को ठेस पहुंचाई गई।
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव, जियाउर्रहमान बर्क समेत कई नेताओं ने हाल ही में मस्जिद में बैठक की। इस बैठक में दो महिलाओं की उपस्थिति और ऐसे लोगों का आना-जाना जिनका वस्त्र व शारीरिक अवस्था इस्लामी मर्यादाओं के विरुद्ध थी, मस्जिद की परंपराओं का उल्लंघन है। उन्होंने इसे मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ और मस्जिद के मंच का सियासी इस्तेमाल बताया।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यह मस्जिद लोकसभा सचिवालय की देखरेख में आती है और इसके प्रशासनिक प्रबंधन में दिल्ली सरकार की भूमिका है। इसी आधार पर उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को इमामत से हटाकर किसी सूफी विचारधारा के व्यक्ति को नया इमाम नियुक्त किया जाए जो राजनीति से दूर हो और मजहबी मूल्यों का संरक्षण करे।
मौलाना शहाबुद्दीन ने इसे इस्लामी परंपराओं की रक्षा और मस्जिद की पवित्रता बहाल करने की दिशा में आवश्यक कदम बताया।