आगरा क्लब में मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत, पर्यटन व स्वास्थ्य सेवाओं पर साझा पहल
आगरा। आगरा क्लब का प्रांगण सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सौहार्द और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का साक्षी बना, जब मॉरीशस सरकार की सीनियर सिटिजन काउंसिल के एक प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया गया। यह दल भारत में स्वास्थ्य सुविधाओं का अध्ययन करने और पर्यटन विस्तार की संभावनाओं का मूल्यांकन करने आया है।
मॉरीशस से आए प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य राजस्थान, गोवा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल तक पर्यटन सहयोग को सुदृढ़ करना तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत के साथ नए आयाम स्थापित करना है।
आगरा क्लब में हुए इस आयोजन में गर्मजोशी और सांस्कृतिक सौहार्द की अनूठी झलक देखने को मिली। प्रतिनिधिमंडल के अधिकांश सदस्य इससे पूर्व भी दो बार भारत की आधिकारिक यात्रा कर चुके हैं, और इस बार उन्होंने विशेष रूप से डॉ. गिरिश गुप्ता को हाल ही में जापान के टोक्यो में ओएस्का इंटरनेशनल अवार्ड मिलने पर पर हार्दिक बधाई दी।
सदस्यों ने कहा कि भारत विशेषकर आगरा में मिला स्नेह और आतिथ्य अविस्मरणीय है। सभी ने डॉ. गुप्ता के अंतरराष्ट्रीय सेवाभाव और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भारत–मॉरीशस संबंधों का सांस्कृतिक दूत बताया।
इस अवसर पर आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में 20 नवम्बर को मॉरीशस रवाना होने वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई। यह दल 27 नवम्बर को स्वदेश लौटेगा।
मॉरीशस दल ने भारतीय प्रतिनिधियों डॉ. गिरिश गुप्ता, कर्नल मनोहर नायडू, कर्नल राजेश मलिवाल, श्री राजेन्द्र गुप्ता, डॉ. शशि गुप्ता, श्री विनोद कुमार मित्तल, श्री विश्वनाथ तथा श्री दुबे से संवाद किया और द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
अंत में, मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल ने आगरा क्लब एवं स्थानीय आयोजकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। प्रतिनिधियों ने कहा कि आपके द्वारा दिया गया स्नेह और सम्मान हम सदैव याद रखेंगे। मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल में हैरिडियो हर्ड्याल, देवन गौंडन, श्रीमती बीना सीबलक, श्रीमती बीजौंती माला गुया, ज्ञानेश्वर हरी, मूनी दामू और विष्णु सुम्भ शामिल हैं।