मायावती सख्त, बसपा के कुछ नेताओं को पार्टी से निकाला
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। बसपा प्रमुख मायावती संगठन को मजबूत करने में लगी हैं। उन्होंने सहारनपुर जिले के चार नेताओं को पार्टी से निकाल दिया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। सभी दलों ने अभी से अपनी-अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। वहीं बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती भी चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने में जुट गई हैं। मायावती संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अनुशासनहीन नेताओं पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में बसपा ने सहारनपुर जिले के चार बड़े नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
बसपा जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया गया है। 18 जुलाई को जारी पत्र के मुताबिक, पूर्व मण्डल प्रभारी कुलदीप बालियान, नगर पंचायत रामपुर मनिहारन की चेयरमैन रेनू बालियान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजब सिंह और जिला पंचायत सदस्य रंजीता को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के चलते निष्कासित कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट किया कि इन नेताओं को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन इनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। पार्टी ने साफ किया है कि यह फैसला संगठन और मूवमेंट के हित में लिया गया है।
बसपा प्रमुख मायावती ने हाल के महीनों में कई बार पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को अनुशासन में रहने की हिदायत दी है। वह खुद संगठन स्तर पर लगातार बैठक कर रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि पार्टी चुनाव से पहले आंतरिक रूप से मजबूत रहे। इस कार्रवाई को भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। वहीं जानकारों की माने तो 2022 के विधानसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन के बाद बसपा किसी भी तरह की ढील नहीं देना चाहती। पार्टी अब उन चेहरों पर दांव लगा रही है जो पूरी निष्ठा के साथ संगठन और मूवमेंट के प्रति समर्पित हों।