लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है मीडिया, समाज–प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है पत्रकार : जिलाधिकारी

आगरा। मकर संक्रांति के अवसर पर ताज प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच सेतु का काम करता है। जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यवस्था की कमियों को उजागर कर सुधार का मार्ग प्रशस्त करना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

Jan 15, 2026 - 20:58
 0
लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है मीडिया, समाज–प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है पत्रकार : जिलाधिकारी
ताज प्रेस क्लब में गुरुवार को मकर संक्रांति पर आयोजित खिचड़ी भोज कार्यक्रम में मौजूद विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी और क्लब के पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार।

-ताज प्रेस क्लब में मकर संक्रांति पर हुए खिचड़ी भोज कार्यक्रम में क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना का सम्मान

क्लब में मौजूद पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति, विज्ञान और प्रकृति के अद्भुत समन्वय का पर्व है। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ उत्तरायण का आरंभ होता है, जो सकारात्मक ऊर्जा, नवचेतना और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में खिचड़ी, पंजाब में लोहड़ी, तमिलनाडु में पोंगल, असम में बिहू, गुजरात में उत्तरायण और कर्नाटक में सुग्गी हब्बा के नाम से यह पर्व मनाया जाता है जो भारत की सांस्कृतिक एकता को दर्शाता है।
खिचड़ी में छिपा सामाजिक समरसता का संदेश

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि खिचड़ी विभिन्न अनाजों के समन्वय से बनती है, जो समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। वहीं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने मकर संक्रांति के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकार हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। कार्यक्रम के दौरान परंपरागत खिचड़ी वितरण एवं सामूहिक खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनामिका मिश्रा द्वारा भजन गायन प्रस्तुत किया गया, वहीं डॉ. के.एन. मिश्रा ने भी गायन से वातावरण को भक्तिमय बनाया। कार्यक्रम का सफल संचालन दीपक जैन ने किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ पत्रकार भुवनेश श्रोत्रिय के बड़े भाई अखिलेश श्रोत्रिय तथा कार्यकारिणी सदस्य मनीष जैन की माताजी के निधन पर गहन शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी एवं जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र कुमार शर्मा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाली टीम का आभार जताया। महासचिव विवेक जैन, कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, उपाध्यक्ष अजेंद्र सिंह ‘अज्जू’ चौहान एवं आदर्शनंदन गुप्ता, सचिव आलोक द्विवेदी एवं अनिल राणा सहित कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा, मनीष जैन, जय सिंह वर्मा, शरद शर्मा, फरहान खान, राजेश शर्मा एवं अनेक पत्रकार इस मौके पर मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor