राज्यसभा के लिए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, एमपी में चुनाव आयोग के बाहर बवाल

मध्य प्रदेश की कांग्रेस से राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया। इसके बाद सुरक्षा जवानों के साथ कांग्रेस के सीनियर नेता भिड़ गए और धरने पर बैठ गए। इस बीच कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि बीजेपी ने जब देखा कि कांग्रेस में तो एकता है तो एक लीगल नोटिस के आधार पर शिकायत की।

Jun 9, 2026 - 21:24
 0
राज्यसभा के लिए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, एमपी में चुनाव आयोग के बाहर बवाल

भोपाल। चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर मंगलवार की शाम को उस समय बड़ा हंगामा हो गया, जब मध्य प्रदेश की कांग्रेस से राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया। इसके बाद सुरक्षा जवानों के साथ कांग्रेस के सीनियर नेता भिड़ गए और धरने पर बैठ गए। कांग्रेस कम्युनिकेशन इंचार्ज जयराम रमेश और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बताया जा रहा है कि जयराम रमेश को अंदर जाने से रोक दिया गया, क्योंकि उनके पास बैठक से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना या अनुमति संदेश नहीं था।

इसके बाद निर्वाचन सदन के गेट पर ही कांग्रेस नेता और सुरक्षा जवानों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गौरतलब है कि केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शाम साढ़े सात बजे चुनाव आयोग से मिलने के लिए समय मांगा था। इसी बैठक के सिलसिले में जयराम रमेश वहां पहुंचे थे, लेकिन एंट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा के लिए नामांकन रद्द होने के बाद चुनाव आयोग के दफ्तर पर कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लग गया। जयराम रमेश के साथ केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, सचिन पायलट समेत अन्य नेता भी वहां पहुंचे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वे अपना पेटिशन लेकर चुनाव आयोग पहुंचे हैं, क्योंकि उनके उम्मीदवार को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वे सिर्फ अपना पक्ष रखना चाहते हैं, तो उन्हें वेटिंग रूम में जाने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।

जयराम रमेश ने आगे कहा कि वे पिछले 35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में हैं और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं, लेकिन उन्हें 10 मिनट से अधिक समय से इंतजार करवाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर रोका जा रहा है और उन्होंने पहले कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं किया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश को कलंकित किया है। यह लड़ाई सिर्फ एक सीट की नहीं, देश के लोकतंत्र को बचाने की है। कांग्रेस पूरी जी-जान से लड़ेगी और एक कदम भी पीछे नहीं हटेगी।

कांग्रेस नेता और वकील अजय गुप्ता ने कहा कि ये पूरी तरह असंवैधानिक है। ये गुंडागर्दी वाला आदेश है। हैदराबाद की कोर्ट से मीनाक्षी नटराजन को एक नोटिस जारी किया गया था। इसे उनके द्वारा बताया नहीं गया था. लेकिन हमारे जवाब में हमने उन्हें ये लिख कर दिया था। ये अपराधिक श्रेणी में नहीं आता।