‘एकता महायज्ञ’ में अग्रवंशियों ने दी आहुति, महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

आगरा। सामाजिक एकता, सद्भाव और विश्व शांति की कामना के साथ रविवार को बल्केश्वर स्थित श्री अग्रसेन वाटिका में विशाल एकता महायज्ञ का आयोजन किया गया। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवंश एकता समिति के तत्वावधान में आयोजित महायज्ञ में अग्रवंशी परिवारों ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के ‘एक रुपया और एक ईंट’ के संदेश को याद करते हुए जरूरतमंदों की मदद करने और भावी पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास एवं संस्कारों से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

Oct 11, 2026 - 21:21
 0
‘एकता महायज्ञ’ में अग्रवंशियों ने दी आहुति, महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाज की एकजुटता के लिए रविवार को बल्केश्वर में हुए महायज्ञ में आहुतियां देते पार्षद मुरारी लाल गोयल और समाज के अन्य गणमान्य लोग। दूसरे चित्र में इस मौके पर जुटे लोग।

बल्केश्वर आईटीआई के सामने स्थित श्री अग्रसेन वाटिका में आयोजित महायज्ञ में समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वालों ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी का कल्याण हो, जरूरतें पूरी हों, समाज में खुशहाली आए और लोगों के संकट दूर हों। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ में आहुति देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मनोकामना भगवान अग्रसेन पूर्ण करें, ऐसी कामना है।

समाजसेविका सुमन गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को ‘एक रुपया और एक ईंट’ का संदेश देकर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा दी थी। उनके आदर्श आज भी सामाजिक सहयोग और एकता का मार्ग दिखाते हैं। महायज्ञ और पूजा-अर्चना के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने घर में भगवान अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित कर नियमित पूजा-अर्चना करनी चाहिए। महायज्ञ में परिवारों ने आहुतियां देकर मां महालक्ष्मी, मां माधवी और महाराजा अग्रसेन का आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित फैंसी ड्रेस, मेहंदी, नृत्य और चित्रकला प्रतियोगिताओं में अग्रवंशी बच्चों और बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान गिरीश चंद्र बंसल, पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल ‘तोती भाई’, पार्षद पूजा बंसल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल, ममता सिंघल, रमन अग्रवाल, शिव शंकर अग्रवाल ‘शंभू’, कृष्ण कुमार अग्रवाल ‘गुड्डू भाई’, नूतन अग्रवाल, प्रियंका सिंघल, राजू अग्रवाल (खुशबू नमकीन), अवध गोयल, हरीश अग्रवाल ‘जुगनू’, प्रकाश चंद अग्रवाल, बबली जैन और अतुल अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor