आगरा में पहली बार मेंटल हेल्थ कार्निवल, विशेषज्ञ सिखाएंगे तनावमुक्त जीवन जीना

आगरा। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगरा में पहली बार एक अनूठा मेंटल हेल्थ कार्निवल आयोजित होने जा रहा है। 13 से 19 अप्रैल तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन का उद्देश्य है मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान और रोकथाम।

Apr 8, 2025 - 18:21
 0
आगरा में पहली बार मेंटल हेल्थ कार्निवल, विशेषज्ञ सिखाएंगे तनावमुक्त जीवन जीना
विमल विहार, सिकंदरा−बोदला रोड स्थित फीलिंग्स माइंड्स के सेंटर पर आयोजित होने जा रहे मेंटल हेल्थ कार्निवल के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते मुख्य अतिथि डॉ सुशील गुप्ता विभव, संस्था की निदेशक डॉ चीनू अग्रवाल, हेतल देसाई, अनुभा डागा, डॉ सत्या सारस्वत, डॉ प्रीति सारस्वत आदि।  

-फीलिंग्स माइंड्स संस्था पर 13 से 19 अप्रैल तक चलेगा यह आयोजन

मेंटल हेल्थ कार्निवल का आयोजन मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत संस्था फीलिंग्स माइंड्स  द्वारा उसके सेंटर – 88, विमल विहार, सिकंदरा-बोदला रोड, आगरा  पर किया जाएगा। मंगलवार को इस आयोजन का आमंत्रण पत्र जारी किया गया।

आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ सुशील गुप्ता विभव ने कहा, जब भी मानसिक स्वास्थ्य की बात होती है तो समाज में इसे पागलपन से जोड़ दिया जाता है, जबकि सच्चाई यह है कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन के हर पहलू को प्रभावित करता है।

सातों दिन विशेषज्ञ लेंगे कार्यशालाएं

संस्था की संस्थापक एवं निदेशक मनोवैज्ञानिक डॉ चीनू अग्रवाल ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस कार्निवल में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञ कार्यशालाएं लेंगे। प्रत्येक सत्र दो घंटे का होगा, जिसमें बच्चे, युवा, शिक्षक, अभिभावक और आमजन भाग ले सकते हैं।

हर दिन एक नये विषय पर होगी चर्चा

कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल को विश्व प्रसिद्ध नृत्यांगना तनु गजबी की प्रस्तुति से होगी। 14 अप्रैल को म्यूजिक थैरेपिस्ट दुर्गेश उपाध्याय  संगीत से चिंता को दूर करने के उपाय बताएंगे। 15 अप्रैल को लेखिका पल्लवी नियोजी  जीवन में खुशियों के रंग भरने की कला सिखाएंगी। 16 अप्रैल को बढ़ते तलाक के कारण और समाधान  पर परिचर्चा होगी। 17 अप्रैल को पेरेंटिंग कोच स्वाति जैन कार्य और जीवन में संतुलन बनाने पर चर्चा करेंगी। 18 अप्रैल को आकृति सेठी  “फूड फॉर मेंटल हेल्थ” विषय पर जानकारी देंगी। 19 अप्रैल को शैलेश जिंदल और रुपाली चरण  बच्चों के मानसिक विकास में कहानियों की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे।

20 अप्रैल को होगा समापन समारोह
संस्था के सह-संस्थापक डॉ रविंद्र कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि 20 अप्रैल को शिल्पग्राम रोड स्थित होटल ताज कन्वेंशन में फीलिंग्स माइंड्स सेंटर का विधिवत उद्घाटन और मेंटल हेल्थ कार्निवल का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर डॉ सत्य, डॉ. प्रीति सारस्वत, आलोक कुलश्रेष्ठ, कविता कुलश्रेष्ठ, डॉ. मेघना मिड्ढा, हेतल देसाई, अनुभव डागा  और अमृता मिश्रा  सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor