रैंप पर म्याऊं-म्याऊं: सिया, रॉबिन और एंजेल बनीं वर्ल्ड कैट डे की कैटवॉक क्वीन
आगरा। बाईपास रोड स्थित डॉ. नेहरू मल्टीस्पेशलिटी डॉग एंड कैट हॉस्पिटल में शुक्रवार को वर्ल्ड कैट डे का उत्सव फेलाइन क्लब ऑफ़ इंडिया के सहयोग से बेहद आकर्षक अंदाज में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर बिल्लियों का फैशन शो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें प्रतिभागी बिल्लियों ने रैंप पर अपनी अदा और चाल से सभी को मोह लिया।
कैट फैशन शो में प्रथम स्थान पर रही ‘सिया’ (स्वामी – मयंक मेहता), दूसरे स्थान पर ‘रॉबिन’ (स्वामी – सलोनी बघेल) और तीसरे स्थान पर रही ‘एंजेल’ (स्वामी – पूजा त्रिपाठी)। विजेता बिल्लियों को विशेष गिफ्ट हैम्पर्स देकर सम्मानित किया गया। रैंप वॉक के दौरान दर्शकों की तालियों और कैमरों की फ्लैश ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया जिसमें 400 से अधिक बिल्लियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी को नि:शुल्क एंटी रेबीज टीका, पेट के कीड़ों की दवा, शैंपू और स्वादिष्ट कैट ट्रीट्स वितरित किए गए।
डॉ. संजीव नेहरू ने बताया कि बिल्लियों की मासिक डिवॉर्मिंग आवश्यक है, जिससे उन्हें खुजली, खून की कमी, आंखों से पानी आना और रोशनी की कमजोरी जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि एंटी रेबीज टीकाकरण साल में एक बार अवश्य कराना चाहिए।
कार्यक्रम की व्यवस्था डॉ. श्रीधर नेहरू ने संभाली, जबकि प्रबंधक निशि नेहरू और सह प्रबंधक सलोनी नेहरू ने सभी प्रतिभागियों एवं पशु प्रेमियों का आभार प्रकट किया।
Bottom of Form
Top of Form
Bottom of Form