स्वस्थ शरीर–प्रसन्न मन का संदेश, लायंस क्लब आकाश की आम सभा में गूंजा स्वास्थ्य जागरूकता का स्वर

आगरा। सामाजिक सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को समर्पित लायंस क्लब आकाश द्वारा शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल रेडिसन में आम सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष अनिल वाष्र्णेय, सचिव अनुराधा गुप्ता, कोषाध्यक्ष जसविंदर सिंह, रीजन चेयरपर्सन संजय गुप्ता, जोन चेयरपर्सन संजीव गुप्ता एवं कोऑर्डिनेटर मनोज गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

Dec 27, 2025 - 21:51
 0
स्वस्थ शरीर–प्रसन्न मन का संदेश, लायंस क्लब आकाश की आम सभा में गूंजा स्वास्थ्य जागरूकता का स्वर
ताज नगरी स्थित होटल रेडिसन में आयोजित लायंस क्लब आकाश की आम सभा में मंचस्थ अतिथिगण।

आम सभा का मुख्य विषय- स्वस्थ जीवन के साथ सर्दियों का आनंद रहा, जिसमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर आमंत्रित ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विनीत पाठक ने सर्दियों के मौसम में जोड़ों के दर्द की बढ़ती समस्या पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ठंड के कारण जोड़ों में अकड़न और दर्द की शिकायत बढ़ जाती है, ऐसे में नियमित व्यायाम, शरीर को गर्म रखना, संतुलित आहार लेना और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। डॉ. पाठक ने विशेष रूप से बुजुर्गों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी।

कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु पाठक ने महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने मासिक धर्म संबंधी परेशानियां, मूड स्विंग्स तथा मेनोपॉज के दौरान आवश्यक देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि इस चरण में महिलाओं को संतुलित आहार, मानसिक शांति, नियमित योग-व्यायाम और समय पर स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

आम सभा के दौरान उपस्थित सदस्यों ने दोनों विशेषज्ञों से स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल, व्यावहारिक और उपयोगी ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, पवन पैंगोरिया, प्रमोद गर्ग, दिलीप मित्तल, दाऊ दयाल गुप्ता, संजय अग्रवाल, ब्रजराज सिंह, राजेश चतुर्वेदी, सतीश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अनिल वाष्र्णेय ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लायंस क्लब आकाश भविष्य में भी समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor