नवरात्रि में प्रकृति वंदन का संदेश, तुलसी और पौधों के वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

आगरा। शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन का संदेश देते हुए दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन ने रविवार को भोगीपुरा स्थित ग्रीन हाउस में संगोष्ठी आयोजित की। इसमें वक्ताओं ने प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक घर में पौधे लगाने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम में तुलसी और अन्य पर्यावरण अनुकूल पौधों का वितरण करने के साथ उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

Oct 11, 2026 - 21:37
Oct 11, 2026 - 21:38
 0
नवरात्रि में प्रकृति वंदन का संदेश, तुलसी और पौधों के वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
नवरात्रि के मौके पर दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा रविवार को भोगीपुरा स्थित ग्रीन हाउस में आयोजित संगोष्ठी में मौजूद अतिथिगण।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद चाहर और विशिष्ट अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर सूरज तिवारी ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

मुख्य अतिथि प्रमोद चाहर ने कहा कि नवरात्रि आत्मशुद्धि और शक्ति साधना का पर्व है। वर्तमान समय में प्रकृति का संरक्षण भी अपने आप में आराधना है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और हरियाली बढ़ाने के लिए आगे आना होगा।

कार्यक्रम के आयोजक चन्द्रशेखर शर्मा 'ग्रीन मैन' ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में तुलसी और अन्य पौधे लगाकर धरती को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का प्रयास करना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अमित लवानिया ने कहा कि दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने और प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

संस्था के प्रमेन्द्र शर्मा और डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति सदैव प्रकृति और पर्यावरण के सह-अस्तित्व की सीख देती है। प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण की भावना को व्यवहार में उतारना आवश्यक है।

संस्था के यतीश लवानिया और विवेक शर्मा ने युवा पीढ़ी से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक हरियाली पहुंचाने के लिए युवाओं को आगे आकर पौधारोपण और जनजागरण के प्रयास करने चाहिए।

संस्था की मार्गदर्शक ऋतु उपाध्याय ने उपस्थित लोगों से संस्था के आगामी कार्यक्रमों में साइकिल से आने का आग्रह किया, ताकि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में योगदान दिया जा सके। चतुर्भुज तिवारी और संजीव कटारिया ने सभी उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को तुलसी और अन्य पर्यावरण अनुकूल पौधे वितरित किए गए। विशिष्ट अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर सूरज तिवारी ने संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. असीम आनंद ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं अभिषेक बंसल ने संभालीं।

इस अवसर पर चतुर्भुज तिवारी, यतीश लवानिया, डॉ. मनोज कुमार शर्मा, विवेक शर्मा, आरबी लवानिया, ऋतु उपाध्याय, संजीव कटारिया, यशस्वी लवानिया, पंकज दीक्षित और अभिषेक बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor