आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक मेट्रो ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे गलियारे में रखा गया पहला यू-गर्डर

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम ने शहर की मेट्रो परियोजना में सोमवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बनाए जा रहे दूसरे गलियारे में पहले यू-गर्डर का सफलतापूर्वक स्थापना कार्य पूरा कर लिया गया। मेट्रो का यह कार्य पूर्ण सावधानी, तकनीकी दक्षता और समयबद्धता का प्रमाण है।

Jun 30, 2025 - 18:36
 0
आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक मेट्रो ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे गलियारे में रखा गया पहला यू-गर्डर
आगरा मेट्रो के दूसरे कॊरिडोर पर यू गर्डर रखने के कार्य की तस्वीर।

यू-गर्डर रखने की जटिल प्रक्रिया

इस भारी भरकम यू-गर्डर को 500 टन क्षमता वाली दो विशाल क्रेनों की सहायता से पियरकैप पर स्थापित किया गया। यह पूरी प्रक्रिया कुशल अभियंताओं की निगरानी में की गई, जिसमें सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।

इस खंड के लिए डौकी स्थित निर्माण इकाई में लगातार पियर, पियरकैप और यू-गर्डर जैसे ढांचों का निर्माण किया जा रहा है। यू-गर्डर स्थापना के समय परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय सहित मेट्रो परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

पहले गलियारे में भी तेज गति से कार्य

ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे पहले गलियारे में ताज ईस्ट गेट से मनःकामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो संचालन पहले से प्रारंभ हो चुका है। वहीं, इस गलियारे के शेष भूमिगत भाग में निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है।

चार भूमिगत स्टेशनों का सिविल निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में वहां अंतिम रूप देने, यंत्र प्रणाली लगाने तथा अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। इस खंड में सुरंग निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor