बाजरे की ठगी का खुलासा, अछनेरा पुलिस ने शातिर दलाल दबोचा, ₹8 लाख नकद व फर्जी दस्तावेज बरामद

अछनेरा पुलिस ने बाजरे की ठगी के मामले में राजस्थान निवासी शातिर दलाल रजत को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी कंपनी और दस्तावेजों के जरिए दो ट्रक बाजरा बेचकर करीब ₹12.50 लाख की ठगी की थी। पुलिस ने उसके पास से ₹8 लाख नकद, फर्जी आईडी, मोबाइल फोन और कार बरामद की है।

Jan 27, 2026 - 21:26
 0
बाजरे की ठगी का खुलासा, अछनेरा पुलिस ने शातिर दलाल दबोचा, ₹8 लाख नकद व फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी दलाल।

आगरा (अछनेरा)। थाना अछनेरा पुलिस ने अनाज व्यापार से जुड़े एक बड़े जालसाजी मामले का खुलासा करते हुए बाजरे की ठगी करने वाले शातिर दलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को बड़ा व्यापारी व दलाल बताकर आढ़तियों को अधिक दाम का लालच दिया और फर्जी कंपनी के नाम पर लाखों की ठगी को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹8 लाख नकद, दो मोबाइल फोन, फर्जी आधार, पैन व आईडी कार्ड, साथ ही ठगी में प्रयुक्त कार (DL8CAP5440) बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई।

व्हाट्सऐप ग्रुप से रची गई ठगी की साजिश

पुलिस के अनुसार नवीन गल्ला मंडी अछनेरा के आढ़तिया किशन चंद अग्रवाल से आरोपी रजत पुत्र रामसिंह, निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान) ने संपर्क किया। उसने खुद को दलाल बताते हुए व्हाट्सऐप पर व्यापारियों का एक ग्रुप बनाया और बाजरे की खरीद पर बाजार से अधिक रेट देने का झांसा दिया। आरोपी ने पूनम ट्रेडिंग कंपनी, हिसार (हरियाणा) के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर तीन ट्रक बाजरा खरीदने का ऑर्डर दिया। भरोसे में आकर आढ़तिया ने 17 जनवरी को दो ट्रक बाजरा भेज दिया।

दो ट्रक बिके, तीसरे पर खुली पोल

आरोपी ने भेजे गए दोनों ट्रक बाजरे को अमोलचंद दौलतराम, हिसार में बेचकर करीब ₹12.50 लाख की रकम हड़प ली। जब तीसरे ट्रक को भेजने के लिए संपर्क किया गया तो आरोपी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और दिए गए पते पर कोई कंपनी मौजूद नहीं मिली। शक होने पर आढ़तिया ने तत्काल थाना अछनेरा में तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

बैरियर चेकिंग में गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन के अहम सुराग मिले। व्यारा चौकी के सामने बैरियर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने फर्जी बिल्टी व दस्तावेजों के सहारे ठगी की बात स्वीकार की।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

शातिर को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक नवजीत सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीन पटेल, हेड कांस्टेबल अनुराग त्यागी, कांस्टेबल अंकुर कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अछनेरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।