गोयनका स्पार्टा में मिनी ओलंपिक जैसा रोमांच: जीडी गोयनका पब्लिक में धमाकेदार स्पोर्ट्स फेस्ट
आगरा। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा में शनिवार को आयोजित वार्षिक स्पोर्ट्स डे ‘गोयनका स्पार्टा’ ने बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को मिनी ओलंपिक जैसा रोमांचक अनुभव दिया। पूरे कैंपस में एक साथ विभिन्न खेलों की प्रतिस्पर्धाएं, रंगारंग प्रस्तुतियां और जबरदस्त खेल–उत्साह देखकर पूरा परिसर ऊर्जा और उत्साह से भर उठा।

आगरा। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा में 7 दिसंबर को वार्षिक स्पोर्ट्स डे गोयनका स्पार्टा धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित हुआ। मिनी ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित इस स्पोर्ट्स फेस्ट में बैडमिंटन, स्केटिंग, वॉलीबॉल, चेस, राइफल शूटिंग, ताइक्वांडो आदि कई प्रतियोगिताएँ एक साथ भिन्न-भिन्न एरीना में आयोजित की गईं।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि आगरा के प्रसिद्ध उद्यमी एवं समाजसेवी कांता प्रसाद अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग रहे। अतिथियों के स्वागत के उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कलरफुल बैलून रिलीज़ के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण में आनंद और उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम का आरंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने पोंपॉम रूटीन. हुला-हूप प्रस्तुति, कर्टेन डांस, स्वागत नृत्य से अपने शानदार कौशल का प्रदर्शन किया।
टॉर्च सेरेमनी और सभी हाउसों की शानदार मार्च पास्ट पूरे आयोजन का विशेष आकर्षण रहे, जिन्होंने बच्चों की अनुशासन और टीमवर्क क्षमता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
विशाल स्पोर्ट्स एरीना में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, राइफल शूटिंग, स्केटिंग, ताइक्वांडो, शतरंज आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्रों ने दमदार प्रदर्शन कर खेलों के प्रति अपनी निपुणता और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए, जिनमें बेस्ट हाउस ट्रॉफी. बेस्ट स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर, मिल्खा सिंह अवार्ड, पी.टी. उषा अवार्ड और बेस्ट एथलीट अवार्ड शामिल थे।
मुख्य अतिथि कांता प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि देश को ऐसे युवा चाहिए जो मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से सशक्त हों। खेल न केवल बच्चों को मजबूत बनाते हैं, बल्कि जीवन के संघर्षों का सामना करना भी सिखाते हैं।
विशिष्ट अतिथि राकेश गर्ग ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल ने बताया कि विद्यालय के कई विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर खेल, नृत्य, राइफल शूटिंग आदि में शानदार उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं। कक्षा 9 की कुहू, जो राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, विद्यालय की उपलब्धियों में प्रमुख नाम हैं।
प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने बढ़ती छात्र आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अत्यधिक संरक्षण के कारण बच्चे हार को स्वीकार नहीं कर पाते। खेल बच्चों को सिखाते हैं कि जीवन में कभी जीत–कभी हार मिलती है। हार के बाद दोबारा उठ खड़े होने का साहस खेल ही देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय छात्रों के मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।