छात्रावास कायाकल्प घोटाले पर मंत्री असीम अरुण की बड़ी कार्रवाई, दो अफसर निलंबित
बाराबंकी। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने सोमवार को जिले में एक बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ किया। रामनगर पीजी कॉलेज में बने समाज कल्याण छात्रावास का औचक निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कायाकल्प कार्यों में अनियमितताएं पकड़ीं।
बताया गया कि छात्रावास की मरम्मत, रंग-रोगन और रखरखाव के लिए सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन मौके पर पहुंचकर मंत्री को कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल नजर आए।
इस पर नाराज़गी जताते हुए मंत्री असीम अरुण ने तत्काल प्रभाव से जिला समाज कल्याण अधिकारी और छात्रावास अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही मामले की जांच डिप्टी डायरेक्टर, समाज कल्याण अयोध्या मंडल को सौंपी गई है।
मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, यह प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।