एक्सप्रेसवे पर मंत्री बेबी रानी मौर्य की गाड़ी ट्रक से टकराई, बाल-बाल बचीं, मंत्री और उनके पति को हल्की चोटें
फिरोजाबाद/आगरा। उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बचीं। यह दुर्घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर फिरोजाबाद जिले के नसीरपुर इलाके में उस समय हुई जब उनका काफिला लखनऊ की ओर जा रहा था। अचानक सामने आए ट्रक से मंत्री की गाड़ी टकरा गई, जिससे वाहन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई। दुर्घटना में मंत्री बेबीरानी मौर्य के हाथ और आंख के पास तथा उनके पति प्रदीप मौर्य के दोनों घुटनों में चोट आई है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद जिले की सीमा में ट्रक से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हुई कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य की कार। चित्रों में मंत्री बेबीरानी मौर्य भी दिखाई दे रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद सिरसागंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए तुरंत दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर उन्हें लखनऊ के लिए रवाना किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर यातायात पूरी तरह सामान्य रहा और किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।
मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि फिरोजाबाद जिले की सीमा में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है। इसमें उनकी गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्हें हाथ और आंख के पास तथा पति प्रदीप मौर्य को दोनों घुटनों में चोट लगी है। अचानक झटका लगने से चोट लगी। उन्होंने कहा कि लोग चिंतित न हों। ईश्वर की कृपा से हम सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि वे अभी एक्सप्रेस के टोल प्लाजा पर रुकी हुई हैं।
मंत्री बेबी रानी मौर्य की इस हादसे की खबर फैलते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। सीओ सिरसागंज ने कहा कि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। गाड़ी का नुकसान हुआ है, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं।
बेबी रानी मौर्य, जो उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, यूपी की दलित राजनीति में एक प्रमुख चेहरा मानी जाती हैं। हादसे के बाद उन्हें सुरक्षित लखनऊ भेज दिया गया है।