आगरा में बाढ़ पीड़ितों से मिले प्रभारी मंत्री, राहत का भरोसा, विकास कार्यों की सख्त समीक्षा
आगरा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को तहसील सदर के बाढ़ प्रभावित गांव तनौरा नूरपुर, बरौली गूजर व गढ़ी रामफल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं, अधिकारियों को मौके पर ही ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री व सहायता राशि उपलब्ध कराई। साथ ही सर्किट हाउस में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों, कानून व्यवस्था व विभागीय योजनाओं की प्रगति की बारीकी से जांच की।
यमुना कटान रोकने व बिजली आपूर्ति के निर्देश
तनौरा नूरपुर में ग्रामीणों ने मंत्री से यमुना नदी से हो रहे कटान और दैनिक आवश्यकताओं के लिए बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। इस पर मंत्री ने सिंचाई विभाग को स्थाई ठोकर बनाने का सर्वे कराने और विद्युत विभाग को दो घंटे सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाढ़ राहत किट वितरण और सर्वे के आदेश
बरौली गूजर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने आश्रय स्थल पर प्रभारी मंत्री ने प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री व बाढ़ राहत किट वितरित की। उन्होंने राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को फसलों, घरों व पशुओं के नुकसान का भौतिक व ड्रोन सर्वे तत्काल करने और रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।
मृतक परिवार को संवेदना व 4 लाख का चेक
गढ़ी रामफल गांव में मंत्री ने यमुना में डूबकर मृतक बने 19 वर्षीय रवेंद्र के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपए का चेक उनके पिता को सौंपते हुए आश्वस्त किया कि सरकार दुख की घड़ी में साथ खड़ी है।
सर्किट हाउस आगमन पर मंत्री ने आपदा पीड़ित पांच परिवारों को मुख्यमंत्री आपदा मोचक निधि से 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक सौंपे। इनमें सांड के हमले, डूबने व सर्पदंश से मृतक परिवार शामिल थे।
समीक्षा बैठक: राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा और गौवंश पर सख्त निर्देश
समीक्षा बैठक में मंत्री ने राजस्व विभाग को पुराने वादों को शीघ्र निस्तारित करने, स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवा वितरण, फॉगिंग, स्वास्थ्य कैम्प और एम्बुलेंस तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
उन्होंने गौवंश आश्रयों का रिकॉर्ड अपडेट रखने, हरा चारा उपलब्ध कराने और पशुओं का टीकाकरण अभियान चलाने पर जोर दिया।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि बीएलओ ड्यूटी से शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। जीआईसी मैदान पंचकुईयां में मिनी स्टेडियम निर्माण से पूर्व जल निकासी के प्रस्ताव की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
पर्यटन व अन्य विभागों की समीक्षा
पर्यटन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि छत्रपति शिवाजी म्यूजियम निर्माणाधीन है, जबकि बटेश्वर मंदिर परिसर का कार्य बाढ़ से प्रभावित होने के कारण रुका हुआ है। मंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों और पर्यटन परियोजनाओं के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने जनपद में 37 परियोजनाओं व 16 सहभागिता योजनाओं का हवाला दिया।
समीक्षा में कृषि, जल निगम, खाद्य व रसद, विद्युत, मैट्रो, पीडब्ल्यूडी और सामाजिक कल्याण विभागों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
जनप्रतिनिधियों की भी रही मौजूदगी
समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भगवान सिंह कुशवाहा, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह, सीएमओ अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।