मंत्री धर्मपाल बोले- विधायक पूजा पाल भाजपा में आती हैं तो उनका स्वागत है
-आरके सिंह- बरेली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बरेली सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल अगर भाजपा में शामिल होती हैं तो उनका स्वागत है। वहीं, गौशालाओं में लगातार हो रही गायों की मौत और आवारा पशुओं से परेशान किसानों पर भी उन्होंने चिंता जताई।
गौशालाओं में मौतों पर वही पुराना जवाब
धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरेली और पीलीभीत की गौशालाओं में हो रही गायों की मौत के लिए जिम्मेदार स्टाफ पर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने आगाह किया कि गाय हमारी माता है, इसे कोई न छोड़े। दूध देने के बाद छोड़ने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि देशी गाय की नस्ल सुधारने के प्रयास चल रहे हैं, ताकि यह 20 लीटर तक दूध दे सके और 90% बछिया पैदा हों। सांडों के बधियाकरण के लिए तीन महीने का अभियान चल रहा है। इसके अलावा, गोबर खरीद कर गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत की जाएगी।
विपक्ष पर हमला
धर्मपाल सिंह ने प्रयागराज की विधायक पूजा पाल के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की, जिस पर अखिलेश यादव नाराज हुए और पूजा पाल को पार्टी से निकाला। पूजा पाल अगर भाजपा आती हैं, तो उनका स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने राहुल गांधी के 'वोट चोरी' बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जब ईवीएम से चुनाव जीतते हैं तो मशीन सही है, लेकिन जब जनता इन्हें हराती है तो वही मशीन बेईमान हो जाती है। चुनाव आयोग ने भी कहा है कि राहुल गांधी के आरोपों का कोई प्रमाण नहीं है।
देशभक्ति और किसान हित
मंत्री ने कहा कि देश की आजादी में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी ने भाग लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि यह देश सबका है और यहां किसी तरह के बंटवारे की जरूरत नहीं है।
धर्मपाल सिंह ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार के लगातार प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने वीरांगना अवंती बाई लोधी की भूमिका का स्मरण करते हुए बताया कि कल उनकी मूर्ति का आंवला में अनावरण उमा भारती करेंगी। इस अवसर पर मंत्री केंद्रीय मंत्री बी. एल. वर्मा, जे. पी. एस. राठौर, संदीप सिंह, साक्षी महाराज, राजवीर सिंह और महामंडलेश्वर प्रवक्तानंद उपस्थित रहेंगे।