मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, हिस्ट्रीशीटर और साथियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो घायल

आगरा। आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित इंद्रापुरम इलाके में रविवार देर शाम मामूली कहासुनी के बाद हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब बीच-बचाव करने आए युवकों पर हिस्ट्रीशीटर बीपी और उसके साथियों ने अचानक गोलियां चला दीं। इस सनसनीखेज फायरिंग की घटना में सत्येन्द्र और राघवेंद्र नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jan 12, 2026 - 00:59
 0
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, हिस्ट्रीशीटर और साथियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो घायल
फायरिंग में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल के अंदर ले जाते हुए।

आगरा। आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित इंद्रापुरम इलाके में रविवार  देर शाम मामूली कहासुनी के बाद हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब बीच-बचाव करने आए युवकों पर हिस्ट्रीशीटर बीपी और उसके साथियों ने अचानक गोलियां चला दीं। इस सनसनीखेज फायरिंग की घटना में सत्येन्द्र और राघवेंद्र नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहल्ले में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान सत्येन्द्र और राघवेंद्र ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इससे आक्रोशित होकर हिस्ट्रीशीटर बीपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू की। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में हमला पूर्व रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर बीपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।