मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन ने मथुरा में हाथी संरक्षण केंद्र का दौरा कर बढ़ाई वैश्विक जागरूकता

मथुरा। मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन 2025 डेनिएल लैटिमर और उनके अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस हाथी संरक्षण और देखभाल केंद्र तथा भारत के पहले हाथी अस्पताल का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य हाथियों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और संकटग्रस्त हाथियों के लिए किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य को वैश्विक स्तर पर उजागर करना था।

Sep 29, 2025 - 21:01
 0
मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन  ने मथुरा में हाथी संरक्षण केंद्र का दौरा कर बढ़ाई वैश्विक जागरूकता
मथुरा स्थित वाइल्ड लाइफ SOS के हाथी संरक्षण और देखभाल केंद्र में हाथियों के साथ मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन डेनियल लैटिमर।

मथुरा। मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन 2025 डेनिएल लैटिमर और उनके अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस हाथी संरक्षण और देखभाल केंद्र तथा भारत के पहले हाथी अस्पताल का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य हाथियों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और संकटग्रस्त हाथियों के लिए किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य को वैश्विक स्तर पर उजागर करना था।

प्रतिनिधिमंडल में डेनिएल लैटिमर के साथ मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन की प्रथम उपविजेता लुइसा बर्टन, मिस वेल्स 2025 हेलेना हॉक, मिस इंटरनेशनल यूके 2025 सोफी वालेस, मिस ग्रेट ब्रिटेन 2024 एवा मॉर्गन और मिस अर्थ वेल्स 2025 एबिगेल वुड जैसी प्रमुख हस्तियाँ शामिल थीं।

टीम ने वाइल्डलाइफ एसओएस के पशु चिकित्सकों और देखभाल कर्मियों से हाथियों के शोषण और दुर्व्यवहार की चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल को यह भी बताया गया कि संस्था ने 50 से अधिक हाथियों को बचाया और उन्हें आधुनिक चिकित्सा, समर्पित देखभाल और सुरक्षित जीवन प्रदान किया।

डेनिएल लैटिमर ने कहा कि "हाथियों के अतीत और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को जानकर मेरा दिल दहल उठा। वाइल्डलाइफ एसओएस का कार्य सराहनीय है। मैं हर संभव प्रयास करूँगी कि लोग हाथियों के साथ हो रही क्रूरता के बारे में जागरूक हों और इस अभियान में शामिल हों।"

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने बताया कि मिस यूनिवर्स 2025 प्रतिनिधिमंडल का समर्थन हाथियों के संरक्षण और दुर्व्यवहार के खिलाफ वैश्विक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

सह-संस्थापक गीता शेषमणि ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने “रिफ्यूज टू राइड" और "बेगिंग एलीफैंट" अभियानों के बारे में जाना और इसे फैलाने में मदद करेंगे ताकि पर्यटक हाथियों की पीड़ा बढ़ाने वाले कार्यों में हिस्सा न लें।