मिशन शक्ति के मंच से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का आह्वान, आंबेडकर विवि में हुई एंपावर्ड वूमेन–एंपावर्ड वर्ल्ड कार्यशाला
आगरा। आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। “एंपावर्ड वूमेन, एंपावर्ड वर्ल्ड” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े लगभग 80 विद्यार्थियों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ भाग लिया।
आगरा। आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। “एंपावर्ड वूमेन, एंपावर्ड वर्ल्ड” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े लगभग 80 विद्यार्थियों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ भाग लिया।
कार्यशाला में मंच पर कला संकाय की अधिष्ठाता प्रोफेसर हेमा पाठक, समाजशास्त्र की वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. आभा मिश्रा (भगवती देवी जैन कन्या महाविद्यालय), पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान के निदेशक प्रोफेसर यू.एन. शुक्ला और होटल प्रबंधन के प्रवक्ता अमित कुमार साहू मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर हेमा पाठक ने कहा कि महिलाओं का समग्र विकास ही किसी भी राष्ट्र की प्रगति का मूल आधार होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और वैचारिक रूप से सशक्त होती हैं, तभी एक संतुलित और विकसित समाज का निर्माण संभव है। इसके लिए परिवार, शिक्षा संस्थानों और समाज को मिलकर सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा।
मुख्य वक्ता डॉ. आभा मिश्रा ने मिशन शक्ति 5.0 की अवधारणा को सरल शब्दों में समझाते हुए बताया कि यह अभियान महिलाओं को सामर्थ्यवान और स्वावलंबी बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने सरकार की कौशल विकास योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज के विकास में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर यू.एन. शुक्ला ने ऐतिहासिक दृष्टिकोण रखते हुए प्राचीन भारत में महिलाओं की सशक्त स्थिति का स्मरण कराया। उन्होंने बताया कि समय के साथ सामाजिक असुरक्षा और कुप्रथाओं के कारण महिलाओं की भूमिका सीमित होती गई, लेकिन आज महिलाएं फिर से नेतृत्व की भूमिका में लौट रही हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं न केवल परिवार को बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अमित कुमार साहू ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के साथ समाज का सशक्तिकरण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समानता और सम्मान की भावना को अपने व्यवहार में अपनाएं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका साक्षी तिवारी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विभा माथुर, डॉ. अपर्णा, रंजीत जी का विशेष योगदान रहा, जबकि कार्यालयी व्यवस्थाएं कुलदीप यादव, नितिन, कुलदीप दीक्षित, विशाल, अलविना, पवन और रजनी ने संभालीं।