धर्मस्थलों पर साइलेंस मिशनः आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन, शहर से देहात तक लाउडस्पीकर हटवाए

आगरा। शहर और देहात के धार्मिक स्थलों पर बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए आगरा पुलिस ने बड़ा विशेष अभियान चलाया है। मंदिरों और मस्जिदों पर मानक से अधिक आवाज़ में बज रहे लाउडस्पीकरों को हटवाने की कार्रवाई शनिवार रात से शुरू हुई जो आज रविवार को भी जारी रही। कई थानों के प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान में जुटे रहे।

Nov 9, 2025 - 20:46
 0
धर्मस्थलों पर साइलेंस मिशनः आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन, शहर से देहात तक लाउडस्पीकर हटवाए
एक मस्जिद से लाउडस्पीकर उतरवाते पुलिसकर्मी।

पुलिस टीमों ने मंदिरों और मस्जिदों का निरीक्षण कर लाउडस्पीकर उतरवाए और संबंधित जिम्मेदारों को चेतावनी दी कि दोबारा तेज आवाज में ध्वनि यंत्र बजाए गए तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

इस अभियान का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित कर शांति व्यवस्था को बनाए रखना है। पुलिस अधिकारियों ने धर्मगुरुओं से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों में ध्वनि के मानक का पालन करें और निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि वाले यंत्रों का प्रयोग न करें।

देहात के फतेहाबाद, खंदौली, एत्मादपुर, शमसाबाद और पिनाहट इलाकों में पुलिस टीमों ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी। कई मंदिरों, दरगाहों और मस्जिदों से अतिरिक्त लाउडस्पीकर हटवाए गए।
शहरी क्षेत्र में भी थाना न्यू आगरा, हरीपर्वत, शाहगंज और ताजगंज पुलिस ने घंटों अभियान चलाकर का लाउडस्पीकर उतरवाना सुनिश्चित कराया।

पुलिस का कहना है कि धार्मिक सौहार्द और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा। सभी धर्मों के अनुयायियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है ताकि आगरा का माहौल शांतिपूर्ण और सद्भावपूर्ण बना रहे।

SP_Singh AURGURU Editor