विधायक धर्मेश ने रक्षा मंत्री के समक्ष रखे मतदाता सूची से लेकर अवैध कब्जों तक के मुद्दे
आगरा। छावनी क्षेत्र की जटिल समस्याओं को लेकर भाजपा विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली में मुलाकात कर उनका ध्यान गंभीर मुद्दों की ओर आकर्षित किया।
-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक को दिया जल्द समाधान का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को बताया कि कोठी नंबर 46 में सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद कुछ लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं, और वर्षों से अवैध रूप से रह रहे लोगों को छावनी परिषद द्वारा हटाया नहीं जा रहा है, जिससे स्थानीय जनता में गहरा असंतोष है।
विधायक धर्मेश ने रक्षा मंत्री से कहा कि छावनी बोर्ड की बैठक में पारित जनहित के प्रस्ताव भी प्रशासनिक निष्क्रियता के चलते लंबित पड़े हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता की अपेक्षाओं का खुला अपमान है। उन्होंने यह भी बताया कि बालूगंज क्षेत्र में आवागमन की समस्या गंभीर होती जा रही है, जिस पर शीघ्र कार्यवाही आवश्यक है।
डॉ. धर्मेश ने कहा कि रक्षा मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
विधायक ने बताया कि उन्होंने छावनी से जुड़े कुछ अन्य संवेदनशील विषयों को भी मंत्री के समक्ष रखा है, जिन्हें समय आने पर सार्वजनिक किया जाएगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन एवं छावनी क्षेत्र के पूर्व विधायक केशो मेहरा, छावनी परिषद सदस्य राजेश गोयल, सजल बंसल, और यदुराज सिंह भी मौजूद रहे।