विधायक खंडेलवाल ने दी डेढ़ करोड़ की सौगात, बोदला-दहतोरा क्षेत्र में पहली बार बनेंगी 5 नई सड़कें

आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बोदला-दहतोरा इलाके के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण की सौगात मिली है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के प्रयासों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से पांच नई सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इन सड़कों में सौरभ नगर की तीन सड़कें, दहतोरा मोड़ की एक सड़क और नीतेश नगर क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Jun 3, 2026 - 21:52
 0
विधायक खंडेलवाल ने दी डेढ़ करोड़ की सौगात, बोदला-दहतोरा क्षेत्र में पहली बार बनेंगी 5 नई सड़कें
नई सड़कों का शिलान्यास करते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व अन्य।

विकास को मिली नई रफ्तार, पांच सड़कों का हुआ शिलान्यास

आगरा। आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बोदला क्षेत्र के दहतोरा मार्ग पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पांच नई सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।

इन सड़कों में सौरभ नगर की तीन प्रमुख सड़कें, दहतोरा मोड़ की सड़क तथा नीतेश नगर क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई सड़कें ऐसी हैं, जिनका निर्माण अब तक कभी नहीं हुआ था और स्थानीय निवासी वर्षों से इनकी मांग कर रहे थे।

नारियल फोड़कर किया गया शुभारंभ

निर्माण कार्य का शुभारंभ भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बबली धाकड़ और हिमांशु मिश्रा ने नारियल फोड़कर किया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। बरसात के दिनों में होने वाली समस्याओं से भी लोगों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और विकासोन्मुखी नीतियों के कारण विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह श्रृंखला जारी रहेगी।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. पार्थसारथी शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद रवि करोतिया, मनोज बघेल, विजय भदौरिया, अनिरुद्ध भदौरिया, नीरज परमार, सुधीर शर्मा, रामस्वरूप लोधी, नरेश राजपूत, बबली धाकड़, जवाहर सिंह चौधरी, टी.एन. सिंह चौहान, हिमांशु मिश्रा, राजकुमार सिंह, भूरी सिंह राजपूत, ओमप्रकाश गोला, लाखन सिंह धाकड़ और मलखान सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।