मोबाइल और बिगड़ती लाइफस्टाइल से बच्चों पर संकट: बढ़ रहे बिहेवियरल डिसऑर्डर, होम्योपैथी के वैज्ञानिक सत्र में डॉक्टरों ने जताई गंभीर चिंता
आगरा। बदलती जीवनशैली, मोबाइल और टेलीविजन के बढ़ते उपयोग का सबसे ज्यादा असर अब बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। बच्चों में तेजी से बढ़ रहे बिहेवियरल डिसऑर्डर, जिद्दी स्वभाव और विकास में रुकावट को लेकर विशेषज्ञों ने गंभीर चिंता जताई ह। यह मुद्दा पश्चिमपुरी स्थित जर्मन होम्यो मेडी सेंटर पर आयोजित एडवांस होम्यो एकेडमी के वैज्ञानिक सत्र में प्रमुखता से उठाया गया, जो होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमेन के जन्मदिवस पर आयोजित किया गया।
बच्चों में बढ़ रहे मानसिक विकार, मोबाइल बड़ी वजह
वैज्ञानिक सत्र में डॉ. नकुल गौतम ने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों का मोबाइल और टीवी की ओर अत्यधिक झुकाव उनके व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। इससे बच्चों में बिहेवियरल डिसऑर्डर, जिद्दीपन और सामाजिक व्यवहार में कमी देखने को मिल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि असंतुलित खानपान के कारण बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास भी प्रभावित हो रहा है।
महिलाओं में पीसीओडी-पीसीओएस के बढ़ते मामले
डॉ. दिशा गौतम ने बताया कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली के कारण महिलाओं में पीसीओडी और पीसीओएस जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जो भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियां बन सकती हैं।
स्वावे इंडिया के निदेशक डॉ. बालावन और बेकसन होम्यो मेडिकल कॉलेज की फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्पिता सिंह ने स्त्री रोगों पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक डॉ. वी.के. भटनागर और संस्थापक डॉ. अनिल गौतम ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मुख्य अतिथि डॉ. पंकज त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि शुभ्रा तलेगांवकर उपस्थित रहीं।
45 डॉक्टर और कई मेडिकल छात्र हुए शामिल
इस वैज्ञानिक सत्र में एटा, फिरोजाबाद, नोएडा, मथुरा के 45 चिकित्सकों और अलीगढ़, नोएडा व आगरा के मेडिकल कॉलेजों के छात्रों ने भाग लिया।
प्रमुख रूप से डॉ. के.के. कुलश्रेष्ठ, डॉ. एल. राजपूत, डॉ. आर.के. सोलंकी, डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. पराग शर्मा, डॉ. साक्षी, डॉ. शीतल शर्मा, डॉ. सपना, डॉ. दीपिका गुप्ता, डॉ. विनय यादव, डॉ. अनिल शर्मा, डॉ. सचिन गोयल, डॉ. अंकुर प्रकाश, डॉ. प्रबल प्रताप, डॉ. पीयूष बैजल, डॉ. सुनीता यादव सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एकल गौतम ने किया।