मोहम्मद शोएब बने ओवरऑल बॉडीबिल्डिंग चैंपियन, प्रमोद को मिला मसल्समैन का खिताब
आगरा। मनोहरपुरा, बल्केश्वर स्थित एकलव्य वाटिका में आयोजित मंडल स्तरीय बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस चैंपियनशिप में आगरा के मोहम्मद शोएब ने ओवरऑल बॉडीबिल्डिंग चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रमोद अग्रवाल को मसल्समैन ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ श्रेणियों में मुकाबले हुए, जिनमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
-मंडल स्तरीय फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम, माही राठौर बनीं महिला चैंपियन
विजेताओं का दमदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में पुरुष फिटनेस चैंपियन का खिताब अनस को मिला, जबकि महिला वर्ग में माही राठौर ने पहला स्थान हासिल किया। विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र के साथ-साथ एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
सभी के लिए ओपन थी चैंपियनशिप
आगरा फिटनेस बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस ओपन चैंपियनशिप में कुल 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें बॉडीबिल्डिंग (मेंस) की 2, पुरुष फिटनेस की 2 और महिला वर्ग की 1 श्रेणी सहित कुल 8 श्रेणियों में मुकाबले हुए।
निर्णायक और आयोजक मंडल
प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने फीता काटकर किया। निर्णायक मंडल में महासचिव महफूज़ आलम, डॉ. अनीस अहमद, गुड्डूभाई, मोहम्मद औसाफ, अमित बघेल, प्रमोद कुमार और नवीन बघेल शामिल रहे।
आयोजक संजय वर्मा ने बताया कि युवाओं में फिटनेस के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें शहरी ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों से भी खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने वाली टीम
आयोजन में मेहराज भाई, सन्नू कुरैशी, दीपू ठाकुर, जीत शर्मा, दीपक पंडित, रफीक कुरैशी, नवीन बघेल, अमित बघेल, राहुल कुमार, सतीश कुमार, निक्की क्रांति, प्रमोद कुमार, दुर्गेश राजोरिया, इरफान, राहुल और गोल्डन जिम के सदस्य मोनू यादव आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।