मानसून ने दी दस्तक: मूसलाधार बारिश से आगरा के कई क्षेत्र जलमग्न, सड़कों पर नदी के नजारे
आगरा। आख़िरकार लंबा इंतजार खत्म हुआ और मानसून ने आज शाम आगरा में पूरी ताकत के साथ दस्तक दे दी। शाम चार बजे के बाद अचानक मौसम का मिज़ाज बदला और कुछ ही पलों में काले-घने बादलों ने पूरे शहर को ढंक लिया। इसके बाद जो बारिश शुरू हुई, वह लगातार आधे घंटे तक तेज़ रफ्तार से होती रही और फिर हल्की फुहारों में तब्दील हुई, लेकिन तब तक शहर की सड़कों ने दरिया का रूप ले लिया।
-नगर निगम के दावों की खुली पोल, घरों तक घुसा बारिश का पानी
दिन में ही छा गया अंधेरा, हेडलाइट्स में चली जिंदगी
बारिश इतनी तेज थी कि दिन में ही अंधेरा छा गया। कार चालकों को हेडलाइट्स जलानी पड़ीं, जबकि दोपहिया वाहन सवारों को ट्रैफिक रोकना पड़ा। शहर के तमाम हिस्सों में तेज़ हवाओं और कड़कती बिजली की आवाजों ने लोगों को दहशत में डाल दिया।
जलभराव ने खोली नगर निगम की पोल
हर साल की तरह इस बार भी आगरा नगर निगम जलनिकासी की तैयारी में नाकाम नजर आया। लॊयर्स कॉलोनी से न्यू लॉयर्स कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़कें दरिया में तब्दील हो गईं। नाले और नालियां पर्याप्त नहीं थीं, जिससे सड़कों पर पानी नदी के रूप में बह रहा था।
जलभराव से प्रभावित प्रमुख क्षेत्र
आज हुई भारी बारिश से आगरा शहर के रोशन मोहल्ला, बिजलीघर, ग्वालियर रोड, मधुनगर, अलवतिया, अवधपुरी, मारुति एस्टेट, शंकरगढ़ की पुलिया, बालाजीपुरम, रामनगर, नगला पदी, विद्या नगर के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में जलभराव हुआ है। इन इलाकों के कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। एमजी रोड के सेंट जॊन्स चौराहा के अलावा सूरसदन तिराहा पर भी भारी जलजमाव होने से ट्रैफिक रुक गये। बहुत से लोगों के दोपहिया वाहन जलभराव में फंस गये। सेंट जॊन्स से लोहामंडी की ओर जाने वाली सड़क पर तो नदी जैसा दृश्य था।
पार्षद का बयान, फाइल फंसी विकास के रास्ते में
मारुति एस्टेट की पार्षद मीनाक्षी वर्मा ने बताया, हमने क्षेत्र में नाले के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करवा लिया है, पर फाइल अब तक पास नहीं हो पाई है। वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे लोग हर बार की तरह इस बार भी प्रशासनिक अनदेखी के शिकार हो रहे हैं।
पहली ही बारिश भारी पड़ी शहर पर
मौसम विभाग पहले ही आगाह कर चुका था कि इस बार मानसून समय से पहले दस्तक देगा। आमतौर पर मानसून 20-21 जून को आता है, लेकिन इस बार यह केरल में 1 जून को ही सक्रिय हो गया था। आज की बारिश के साथ पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भी मानसून ने आधिकारिक तौर पर प्रवेश कर लिया है।
टूंडला व फिरोजाबाद में भी बारिश
आगरा के अलावा टूंडला और फिरोजाबाद से भी बारिश की खबरें आई हैं। लोगों को इस मौसम की पहली ठंडी राहत तो मिली है, पर प्रशासन की तैयारी की सच्चाई भी सामने आ गई है।