ठग विक्रम के और भी कारनामे सामने आने बाकी, एसटीएफ उगलवाएगी राज

आगरा। ठगी करते-करते वह इतना बेखौफ हो गया था कि उस आर्मी एरिया तक भी घुसपैठ कर गया जहां जाने में अच्छे अच्छों के पसीने छूटते हैं। आर्मी इंटेलिजेंस से रिपोर्ट मिलने पर एसटीएफ द्वारा दबोचे जा चुके इस ठग के अब तक के कारनामों के और भी राज सामने आने बाकी हैं।

Nov 10, 2024 - 12:29
 0
ठग विक्रम के और भी कारनामे सामने आने बाकी, एसटीएफ उगलवाएगी राज

ये ठग है फरह का विक्रम सिंह। ये आदतन अपराधी है। ऐसा नहीं है कि पहली बार पकड़ में आया है। इससे पहले भी दो बार दुष्कर्म और एक बार ठगी के मामले में जेल की हवा खा चुका है। इसके बावजूद नहीं सुधरा।  जिसने ठगी को ही अपना रोजगार बना लिया हो, भला वह सुधर कैसे सकता है।

विक्रम ठगी ही नहीं करता था बल्कि लड़कियों को फंसाकर उनके साथ दुराचार भी करता रहा है। दो मामले पहले ही सामने आ चुके हैं। कल जब उसे पकड़ा गया और एसटीएफ ने उसके फोन की जांच की तो उसमें दो लड़कियों के फोटो मिले। पूछताछ में पता चला कि विक्रम इन लड़कियों पर जाल फेंक रहा था।

विक्रम ने ठगी का एक नया तरीका निकाला था,  जिसमें वह तीन तीन हजार रुपए लेकर आर्मी एरिया में एंट्री करने के कार्ड बना रहा था। आम लोगों को यह यह कहकर कार्ड देता था कि इससे आप आर्मी कैंटीन से सामान बाजार से बहुत सस्ती दर में ला सकते हैं। यही नहीं विक्रम ने कुछ युवकों से 20-20 हजार की ठगी यह कहकर की थी कि वह उन्हें आर्मी कैंटीन में नौकरी पर लगवा देगा। 

एसटीएफ की पूछताछ में यह भी पता चला है कि विक्रम स्वयं भी आर्मी एरिया में जब मन करता था, तब आता जाता था। इससे आर्मी एरिया की सुरक्षा पर भी सवाल उठते हैं।

विक्रम के अब तक के जो करनामे रहे हैं, उससे एसटीएफ को भी लग रहा है कि पूछताछ में अभी बहुत सारे मामले सामने आ सकते हैं, क्योंकि वह अवैध गतिविधियों में लंबे समय से लिप्त चला आ रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor