दुर्गा शक्ति सम्मान समारोह में आगरा की सौ से अधिक महिलाओं का हुआ भव्य सम्मान
आगरा। नारी केवल ममता की प्रतिमूर्ति ही नहीं, बल्कि शक्ति और प्रतिभा का अद्भुत संगम भी है। इसी संदेश को साकार करते हुए अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में आयोजित दुर्गा शक्ति सम्मान समारोह में 100 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जहां एक ओर मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा, वहीं डांडिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव को भव्य बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेशचंद गर्ग, विशिष्ट अतिथि रामप्रकाश अग्रवाल एवं शकुन मित्तल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अग्रवाल समाज की 100 से अधिक ऐसी महिलाओं को स्मृति चिन्ह व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया, जो परिवार के साथ-साथ समाज और देश के लिए भी योगदान दे रही हैं।
अग्रवाल संगठन रामबाग की अध्यक्ष निशा सिंघल ने कहा कि महिलाएं धरती पर मां दुर्गा का ही स्वरूप हैं। उन्हें अपनी शक्ति और क्षमता को पहचानने की आवश्यकता है। चाहे परिस्थिति कैसी भी हो, नारी हर चुनौती का सामना कर संतुलन स्थापित करने में सक्षम है।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि घर-परिवार को संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी है और महिलाएं इसे बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जब नई पीढ़ी मजबूत और संस्कारवान होगी, तभी देश का भविष्य उज्ज्वल बनेगा।
कार्यक्रम में नौ देवियों के रूप में सजी बालिकाओं ने विशेष आकर्षण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही डांडिया और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम संयोजक राजेश सिंघल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का तिलक कर स्वागत किया।
इस अवसर पर मंजू, आरती, गीता, प्रीति, सुनीता, रेखा, डोली, सरिता, लक्ष्मी, रिया, शालू सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाया।