स्माइल के साथ सुबह की शुरुआत: रोटरी क्लब ने दिए बैग तो खिल उठे बच्चों के चेहरे
आगरा। समाज सेवा की भावना को समर्पित रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने अपने शिक्षा उदय अभियान के तहत निर्धन और वंचित बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित कर एक और सुबह को मुस्कुराहटों से भर दिया। इस अभियान के अंतर्गत क्लब ने 1000 बैग वितरित करने का संकल्प लिया है, जिसके अंतर्गत सोमवार को नित्यानंद स्कूल, जमुना ब्रिज रामबाग पर बच्चों को बैग दिए गए।
यहां 154 छात्र-छात्राओं को बैग और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री दी गई। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बनता था।
क्लब अध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल ने बताया कि रोटरी क्लब शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। इस वर्ष शिक्षा उदय कार्यक्रम के तहत 1000 स्कूल बैग विभिन्न क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष नम्रता पनिकर ने बच्चों को स्वच्छता, रोजाना स्नान, ब्रश करने और हाथ धोने जैसे दैनिक आदतों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को आत्म-स्वास्थ्य के प्रति सजग और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में आशीष अग्रवाल, डॉ. आलोक मित्तल, विवेक मोहन अग्रवाल, सचिव जितेंद्र जैन, सुनील कपूर, संजीव अग्रवाल, सुशील जिंदल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। स्कूल के प्रबंधक स्वामी चरणानंद, प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र और सहायक अध्यापक शिशुपाल एवं सुनील कुमार ने रोटरी क्लब के इस सराहनीय अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार जताया।
Bottom of Form