नगालैंड से लाई गई चार करोड़ की मॉर्फिन जब्तः तस्कर गिरफ्तार, डीसीएम में बना था गुप्त केबिन

-आरके सिंह- बरेली। बरेली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार करोड़ से अधिक मूल्य की 4 किलो 186 ग्राम मॉर्फिन बरामद की है। यह मॉर्फिन नगालैंड से लाई जा रही थी और डीसीएम गाड़ी में छिपाकर अन्य जिलों में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना फरार है। यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था।

Oct 21, 2025 - 16:46
Oct 21, 2025 - 16:47
 0
नगालैंड से लाई गई चार करोड़ की मॉर्फिन जब्तः तस्कर गिरफ्तार, डीसीएम में बना था गुप्त केबिन
चार करोड़ की मार्फन के साथ गिरफ्तार तस्कर के बारे में बताते एसपी सिटी मानुष पारीक।

एसपी सिटी मानुस पारीक ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि थाना बारादरी पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर 4 किलो 186 ग्राम मॉर्फिन बरामद की है।

बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ 15 लाख आंकी गई है। पुलिस ने डीसीएम गाड़ी (UP 27 BT 8276) जब्त की है, जो नशे की खेप ढोने में इस्तेमाल होती थी।

21 अक्टूबर की रात थाना प्रभारी धनंजय पांडेय, उपनिरीक्षक मुनेन्द्र पाल सिंह, मनीष भारद्वाज, तथा पुलिसकर्मी साबिर अली और अंकुश चौधरी टीम के साथ डोहरा रोड स्थित बॉयज हॉस्टल के पास गश्त पर थे।

उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि डीसीएम में बड़ी मात्रा में नशा लाया जा रहा है। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी में नीले रंग के बैग में चार पैकेट मिले जिनमें मटमैला पाउडर था। परीक्षण में वह मॉर्फिन निकला।

गाड़ी के चालक सिराज अहमद पुत्र नवी अहमद, निवासी बंगसान, थाना मीरानपुर कटरा, जनपद शाहजहांपुर (उम्र 50 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार किया गया।

उसका साथी सुरेंद्र शर्मा पुत्र रामस्वरूप शर्मा, निवासी देवचरा थाना भमौरा, बरेली, पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। सिराज अहमद से पूछताछ में पता चला कि सुरेंद्र शर्मा इस गिरोह का मास्टरमाइंड है।

नागालैंड कनेक्शन और तस्करी का तरीका

आरोपी सिराज ने बताया कि सुरेंद्र शर्मा नगालैंड से मॉर्फिन मंगवाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। तस्करी के लिए डीसीएम में नीचे की तरफ एक गुप्त केबिन बनाया गया था, जिसमें नशे का माल छिपाकर लाया जाता था। सिराज अहमद को हर ट्रिप पर एक लाख रुपये की रकम दी जाती थी।

पुलिस ने सिराज अहमद के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
फरार तस्कर सुरेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। एसपी सिटी ने कहा कि गिरोह के नेटवर्क और वित्तीय स्रोतों की भी जांच की जा रही है।

अंतरराज्यीय गिरोह पर शिकंजा

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह गिरोह नागालैंड, असम और उत्तर प्रदेश के बीच मादक पदार्थों की तस्करी की कड़ी से जुड़ा हुआ है।
एसपी सिटी ने कहा कि जल्द ही इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी कर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।

बरेली पुलिस ने शहर और आसपास के जिलों में मादक पदार्थ नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। सभी थानों को संदिग्ध वाहनों की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नशे की एक भी खेप जिले में न पहुंच सके।

SP_Singh AURGURU Editor