सास-दामाद प्रेम कहानीः राहुल के पिता बोले- अनीता ने बेटे को वश में कर लिया
अलीगढ़। अलीगढ़ की अनीता सिंह ने अपने पति जितेंद्र सिंह के साथ रखने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। अनीता ने साफ-साफ कह दिया है कि बाकी की जिंदगी अब वह राहुल (होने वाले दामाद) के साथ ही गुजारेगी। इधर राहुल के पिता ओमवीर सिंह का कहना है कि अनीता ने उनके बेटे को वशीकरण कर अपने काबू में कर लिया है।
-कोर्ट में महिला के बयान दर्ज कराएगी पुलिस, इसके बाद जहां जाना चाहेगी, जाने दिया जाएगा
अलीगढ़ की एक यह अनोखी प्रेम कहानी सोशल मीडिया और समाज में हलचल मचाए हुए है। महिला अनीता सिंह अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ विगत छह अप्रैल को फरार हो गई थी। अनीता की बेटी शिवानी की शादी राहुल से जल्द होने वाली थी।
ये दोनों घर से भागकर पहले अलीगढ़ से कासगंज पहुंचे। इसके बाद बरेली होते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर में पहुंच गये। यहां एक होटल में रहे। इस दौरान दोनों ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। कई दिन बाद जब इन्होंने मोबाइल खोले तो सोशल मीडिया पर खुद से जुड़ी खबरों को देखा तो दोनों ने वापस लौटने का निर्णय लिया। ये दोनों अलीगढ़ वापस आकर सीधे थाने में पहुंचे और पुलिस को बताया कि वे दोनों साथ रहना चाहते हैं।
थाने में घंटों तक अनीता और उसके पति जितेंद्र के बीच सहमति बनाने की कोशिशें हुईं, लेकिन अनीता टस से मस नहीं हुई। इस दौरान पिता के साथ पहुंचे सात साल का बेटा मां से रो-रो कर साथ चलने की गुहार लगाता रहा। मां भी बच्चे से मिलकर खूब रोई, लेकिन पति के साथ लौटने को तैयार नहीं हुई।
अलीगढ़ वापस लौटने के बाद अनीता सिंह ने बयान दिया कि पति जितेंद्र सिंह शराब पीकर उसके साथ मारपीट किया करता था। घर खर्च के लिए बहुत कम पैसे देता था। घर और खेती का सारा काम वही किया करती थी। अनीता का कहना है कि जब उसकी बेटी शिवानी की शादी राहुल से तय हुई तो राहुल से उसकी बातचीत होने लगी थी। अनीता ने शुरू में कहा था कि होने वाले दामाद राहुल से बात करने पर पति शक किया करता था। अब अनीता का कहना है कि बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गहरी होती गई। पति के शक करने से तंग आकर ही उसने राहुल के साथ भागने का निर्णय लिया।
अनीता के पति जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि अनीता घर से जेवरात भी ले गई है, लेकिन लौटने के बाद अनीता ने इस आरोप को नकार दिया और कहा कि वह केवल एक मोबाइल और 200 रुपये लेकर गई थी। पति जितेंद्र सिंह ने अनीता का वापस घर लाने की पेशकश की, लेकिन अनीता ने इसे ठुकरा दिया और उसने साफ-साफ कह दिया है कि अब तो वह राहुल के साथ ही रहेगी। उधर होने वाले दामाद राहुल ने पुलिस से कहा कि अनीता घर लौटना चाहे तो लौट जाएं, लेकिन अगर उसके साथ रहना चाहती है तो वह खुशी से साथ रखेगा।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। अभी तक किसी आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है। अनीता को पुलिस ने वन स्टॊप सेंटर में रखा है जबकि राहुल अभी पुलिस की हिरासत में ही है। पुलिस अब कोर्ट में इस महिला के बयान कराएगी और इसके बाद जहां जाना चाहेगी, जाने देगी।
यह मामला समाज में पारिवारिक संबंधों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बीच संतुलन की आवश्यकता को दर्शाता है। अनीता और राहुल की कहानी ने समाज में एक नई बहस को जन्म दिया है, जहां परंपरागत रिश्तों की सीमाएं और व्यक्तिगत इच्छाएं टकरा रही हैं।