ममता को किया तार-तार: अपनी ही कोख के नौ बच्चों का किया सौदे की आशंका, चोरी कर कई अन्य मासूमों को बेचने वाली महिला बरेली में गिरफ्तार, तीन पतियों की पत्नी रह चुकी है, बच्चा चोरी करने वाले बड़े गैंग के खुलासे की ओर बरेली पुलिस

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने न सिर्फ दूसरों के बच्चों का अपहरण कर उन्हें बेचने का घिनौना धंधा किया, बल्कि पुलिस को आशंका है कि उसने अपनी कोख से जन्मे नौ बच्चों तक को भी बेच डाला है। तीन पतियों की पत्नी बन चुकी इस महिला की करतूत ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेजते हुए पूरे गिरोह की तलाश तेज कर दी है।

Mar 24, 2026 - 13:03
 0
ममता को किया तार-तार: अपनी ही कोख के नौ बच्चों का किया सौदे की आशंका, चोरी कर कई अन्य मासूमों को बेचने वाली महिला बरेली में गिरफ्तार, तीन पतियों की पत्नी रह चुकी है, बच्चा चोरी करने वाले बड़े गैंग के खुलासे की ओर बरेली पुलिस
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई महिला, जिस पर बच्चों की चोरी कर उन्हें बेचे जाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को रेलवे स्टेशन पीताम्बरपुर (फरीदपुर) से बिन्दा उर्फ रजनी (48 वर्ष) निवासी ग्राम हसनपुर रजापुर, थाना शरूरपुर, जनपद मेरठ को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक 9 माह का बच्चा अरुण और करीब 3.5 वर्ष का बच्चा लवियांस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हरदोई बस अड्डे से एक महिला को झांसा देकर उसके 9 माह के बच्चे का अपहरण किया और उसे बेचने की फिराक में थी।

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 137(2)/143(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों, विशेषकर उसकी मां संजना और सहयोगी सलोनी की तलाश में पुलिस टीमें कुशीनगर भेजी गई हैं।

अपनों को ही बेच डाला, गिरोह का चौंकाने वाला नेटवर्क

पूछताछ में सामने आया कि बिन्दा अपनी मां संजना और सहयोगियों के साथ मिलकर बच्चों की तस्करी का संगठित गिरोह चला रही थी। वह मासूम बच्चों के अभिभावकों को बहाने से उलझाकर उनके बच्चे चुरा लेती और अपनी मां को सौंप देती, जो उन्हें बेच देती थी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अपने ही नौ बच्चों को लापता बताती रही, जबकि पुलिस को शक है कि उन्हें भी बेच दिया गया है।

तीन शादियां, धोखे का जाल

थाना फरीदपुर प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के मुताबिक, बिन्दा ने तीन शादियां की हैं। पहले पति को छोड़कर उसने बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव खनी नवादा निवासी गुड्डू से शादी की, जिससे उसके तीन बच्चे हुए। बाद में वह मेरठ के शरूरपुर क्षेत्र निवासी विधुर सुरेंद्र से भी विवाह कर चुकी है। दोनों पतियों से सच्चाई छुपाकर वह उनके घरों में आती-जाती रही और इसी दौरान बच्चों की तस्करी का खेल चलाती रही।

गिरोह की जड़ तक पहुंचेगी पुलिस

पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक महिला तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़े गिरोह की आशंका है। जिन बच्चों को बेचा गया है, उनकी तलाश कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। जांच के बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

SP_Singh AURGURU Editor