सांसद चाहर का डीएम को पत्र, खेत खाली होने पर ही डालें पाइप लाइनें
आगरा। सांसद राज कुमार चाहर ने जिलाधिकारी को एक पत्र लिखकर मांग की है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांवों में गंगाजल सप्लाई के लिए बिछाई जानी वाली पाइप लाइनों का काम फसलें कटने के बाद ही शुरू कराया जाए।
सांसद ने पत्र में कहा है कि जिले में हर घर नल से जल योजना में पाइप लाइनें बिछाने का काम शुरू हो गया है। इस परियोजना में जिले में हजारों किसानों के खेतों से भी पाइप लाइनें बिछाई जानी हैं। वर्तमान में किसानों के खेतों मं दलहन, तिलहन व अन्य फसलें खड़ी हुई हैं। यदि इस समय पाइप लाइन बिछाने का काम किया गया तो किसानों की फसलें उजड़ेंगी और उन्हें इससे आर्थिक नुकसान होगा। ऐसे में पाइप लाइनें बिछाने का काम वर्तमान फसलों के कटने के बाद और नई फसल की बुवाई से पहले किया जाए।
पत्र में यह मांग भी की गई है कि जिन किसानों के खेतों में पाइप लाइन के लिए गहरी खुदाई की जाए, उन्हें 50 रुपये प्रति वर्गमीटर के हिसाब से मुआवजा प्रदान किया जाए। इसके साथ ही पाइप लाइनें इतनी गहराई पर बिछाई जाएं कि भविष्य में किसानों को खेत जोतने व अन्य कृषि कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सांसद चाहर ने पत्र में यह सुनिश्चित करने को भी कहा है कि पाइप लाइन 1.70 से 1.80 मीटर जमीन के अंदर डाली जाए, क्योंकि 1700-1800 मिलीमीटर व्यास की पाइप लाइन का उपयोग किया जा रहा है ताकि कृषि कार्य की गतिविधियों में कोई बाधा न आए।