सांसद चाहर बोले- हाईकोर्ट बेंच के लिए संसद में आवाज उठाउंगा, वेस्ट यूपी के सांसदों को एकजुट भी करूंगा  

आगरा। फतेहपुरसीकरी के सांसद राज कुमार चाहर ने स्थानीय अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया है कि वे आगरा में उच्च न्यायालय की खंडपीठ के मामले को लोकसभा में उठाएंगे। इसके साथ ही केंद्रीय विधि मंत्री से मुलाकात तो कराएंगे ही, इस मुद्दे पर वेस्ट यूपी के सांसदों को भी एकजुट करेंगे। सांसद चाहर ने कहा कि आगरा को उसका अधिकार दिलाने के लिए वे कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

Dec 7, 2024 - 15:51
 0
सांसद चाहर बोले- हाईकोर्ट बेंच के लिए संसद में आवाज उठाउंगा, वेस्ट यूपी के सांसदों को  एकजुट भी करूंगा   
सांसद राज कुमार चाहर के साथ शनिवार को उनके आवास पर बातचीत करते अधिवक्ता।

-जनमंच के बैनर तले फिर से शुरू की गई है आगरा में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मुहिम, इसी क्रम में सांसद से मिले थे अधिवक्ता

हाईकोर्ट खंडपीठ आगरा में स्थापित किए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने फिर से मुहिम शुरू की है। इसकी शुरुआत आज भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर से मुलाकात के साथ शुरू हो चुकी है। सांसद चाहर से उनके आवास पर मिले अधिवक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में चल रहे संसद के शीतकालीन सत्र में यह मुद्दा उठे। आगरा के वकीलों की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराई जाए और कोशिश की जाए कि इसी सत्र में आगरा में हाईकोर्ट बेंच का प्रस्ताव आए और पारित भी हो।

सांसद चाहर ने इस पर वकीलों को पूरे सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि सरकार की नीति है कि न्याय निर्धन को उसके द्वार पर मिले, लेकिन वेस्ट यूपी के लोगों को तो न्याय मांगने के लिए 700 किलोमीटर तक चलना पड़ता है।

बता दें कि आगरा में हाईकोर्ट की बेंच की मांग कई दशकों से चली आ रही है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में हर राजनीतिक दल का यह प्रमुख मुद्दा भी रहता है। अधिवक्ताओं द्वारा लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद खंडपीठ की आज तक स्थापना नहीं हो पाई है। खंडपीठ की मांग को लेकर अधिवक्ता ताजमहल और दिल्ली में पार्लियामेंट के सामने और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

तमाम केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करने के बाद भी खंडपीठ की मांग पूरी नहीं हो पाने पर खंडपीठ की स्थापना की मांग को लेकर अब जन मंच ने मुहिम शुरू की है। मंच के संयोजक चौधरी अजय सिंह के नेतृत्व में सांसद राजकुमार चाहर से मिले प्रतिनिधिमंडल में फूल सिंह चौहान, चौधरी रामेश्वर वर्मा, श्याम सुंदर उर्फ प्रशांत सिकरवार, विनय कुमार अग्रवाल, रवि कुमार चौधरी, विशाल चौधरी, अनुराग यादव, वीरेंद्र फौजदार, सत्येंद्र कुमार यादव, गिर्राज रावत, जितेंद्र चौहान आदि शामिल थे।

यह मुहिम शुरू करने से पहले बीते कल दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं की एक बैठक चौधरी अजय सिंह की अध्यक्षता में हुई थी, जिसमें खंडपीठ के लिए फिर से प्रयास शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक संचालन पवन कुमार गुप्ता ने किया। इसमें पीपी सक्सेना, महेश बाबू गौतम, सारस्वत प्रदीप कुमार, पूजा यादव, वीरेंद्र फौजदार, गिरिराज रावत, जितेंद्र चौहान, नवल सिंह सिनसिनवार, अमर सिंह कमल, अशोक दीक्षित, हरिओम दीक्षित और जसवंत सिंह राणा आदि मौजूद थे।

SP_Singh AURGURU Editor