सांसद चाहर की पहल रंग लाई, आगरा से बटेश्वर होते हुए इटावा तक दौड़ेगी ट्रेन, लाखों लोगों को राहत

सांसद राजकुमार चाहर की पहल पर आगरा से इटावा के बीच नया रेल रूट प्रस्तावित किया गया है, जो फतेहाबाद, बाह और बटेश्वर से होकर गुजरेगा। इससे लंबे समय से रेल सुविधा से वंचित लाखों लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।

Apr 10, 2026 - 20:21
 0
सांसद चाहर की पहल रंग लाई, आगरा से बटेश्वर होते हुए इटावा तक दौड़ेगी ट्रेन, लाखों लोगों को राहत
लोकसभा में बोलते सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा। फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर द्वारा लोकसभा में उठाया गया रेल कनेक्टिविटी का मुद्दा अब असर दिखाने लगा है। 2 अप्रैल को संसद में शून्यकाल के दौरान उन्होंने जिस मांग को प्रमुखता से रखा था, उस पर अब रेलवे ने सकारात्मक कदम बढ़ाए हैं।

अब तक आगरा से इटावा जाने वाली अधिकांश ट्रेनें टूंडला के रास्ते संचालित होती थीं, जिससे फतेहाबाद, बाह और बटेश्वर जैसे क्षेत्र रेल सेवा से वंचित रह जाते थे। सांसद चाहर ने इस असंतुलन को उजागर करते हुए नई रेल लाइन या रूट परिवर्तन की मांग की थी।

सांसद की पहल के बाद अब प्रस्तावित नया रूट आगरा से फतेहाबाद, बाह और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बटेश्वर होते हुए इटावा तक जोड़ा जाएगा। यह बदलाव क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।

इस मुद्दे को और मजबूती देने के लिए सांसद चाहर ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा भी की थी। उनके प्रयासों के बाद रेलवे ने इस दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू कर दी है।

नए रूट के शुरू होने से आगरा ग्रामीण क्षेत्र, खासकर फतेहाबाद, बाह और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं विशेषकर बटेश्वर धाम को भी नई गति मिलेगी। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और भविष्य में और अधिक ट्रेनों को इस रूट पर चलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत हो सके।