सांसद चाहर की नई पहल, 13 को दक्षिणांचल पर 24 घंटे की जन चौपाल
आगरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर नई पहल की शुरुआत करने जा रहे हैं। सांसद चाहर ने ऐलान किया है कि जिस विभाग की अधिक जन शिकायत होंगी, उसी विभाग के सबसे बड़े अधिकारी के कार्यालय पर 24 घंटे की जन चौपाल लगाएंगे।
सांसद चाहर सबसे पहली जन चौपाल 13 जनवरी को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी कार्यालय पर लगाएंगे, जिसमें वह फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र के लोगों की विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान कराएंगे।
सांसद चाहर 24 घंटे दक्षिणांचल कार्यालय में बैठकर समस्याओं का समाधान करेंगे। जन चौपाल पूर्वाह्न 11 बजे से 14 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे तक चलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की एक मुश्त समाधान योजना के बावजूद विद्युत विभाग के जेई, एई और संविदाकर्मी भोले भाले ग्रामीणों का बिल के नाम पर उत्पीड़न कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनहित में लगातार योजनाएं ला रहे हैं पर बिजली विभाग के अधिकारियों की घोर लापरवाही से आमजन को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सांसद चाहर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि थोड़े से बकाए पर ग्रामीणों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बिजली चोरी में झूठी एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। विरोध करने पर सरकारी कार्य में बाधा का केस लगाकर निर्दोषों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के हर फ़ीडर पर जाकर लोगों की समस्या का समाधान करा पाना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने जन चौपाल लगाकर जनता की समस्या का समाधान कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने पीड़ित जनता का आव्हान किया है कि वह ख़ुद 13 से 14 जनवरी पूर्वाह्न 11 बजे तक दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी कार्यालय पर लगाई जाने वाली चौपाल में मौजूद रहेंगे, इसलिए वे 24 घंटे में कभी भी आ सकते हैं।