कागारौल में सांसद जन चौपाल, ग्रामीणों की आवाज़ सीधे अधिकारियों तक पहुंची
आगरा। कागारौल स्थित श्री रघुनाथ जी के बड़े मंदिर प्रांगण में बुधवार को आयोजित सांसद जन चौपाल में सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे सांसद राजकुमार चाहर तथा विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। एक दिवसीय इस कार्यक्रम में 36 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
36 विभागों के अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
आगरा। कागारौल स्थित श्री रघुनाथ जी के बड़े मंदिर प्रांगण में बुधवार को आयोजित सांसद जन चौपाल में सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे सांसद राजकुमार चाहर तथा विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। एक दिवसीय इस कार्यक्रम में 36 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
चौपाल में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, दिव्यांग कल्याण, पुलिस एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। सांसद चाहर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को देते हुए बताया कि मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना अथवा आकस्मिक मृत्यु पर ₹2 लाख का लाभ दिया जाता है। सांसद ने योजना को बढ़ावा देने हेतु पहली किस्त स्वयं वहन करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने उठाए प्रमुख मुद्दे
चौपाल में विभिन्न विभागों के समक्ष बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई गईं। किसानों ने सिंचाई, खाद-बीज वितरण, फसल बीमा दावों में देरी की शिकायतें कीं। साथ ही उन्होंने दवाओं की कमी, पीएचसी की बदहाल स्थिति, बिजली की अनियमित आपूर्ति, बिल संबंधी, विद्यालयों में सुविधाओं का अभाव, शिक्षक उपलब्धता के मुद्दे उठाए। किसानों ने कानून-व्यवस्था व त्वरित कार्रवाई की मांग भी उठाई । सांसद ने अधिकारियों को सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी विभाग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लाभार्थियों को सौंपे आवास प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र व प्रतीकात्मक चाबियां प्रदान की गईं। ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग की पहली जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उन्होंने सांसद चाहर द्वारा चौपाल आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व विधायक महेश गोयल, परियोजना निदेशक रेनू, मनरेगा निदेशक रामायण यादव, एसडीएम ऋषि राव, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद सिंह, ब्लॉक प्रमुख गुड्डू चाहर सहित भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।