सांसद नवीन जैन आयुष एवं वस्त्र मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समितियों के सदस्य बने
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन को भारत सरकार ने एक साथ दो मंत्रालयों की हिंदी सलाहकार समितियों का सदस्य नियुक्त किया है। यह नियुक्ति हाल ही में प्रकाशित भारत सरकार के राजपत्र में अधिसूचित की गई है। सांसद जैन का नाम आयुष मंत्रालय और वस्त्र मंत्रालय की समितियों की सूची में शामिल किया गया है।
हिंदी सलाहकार समितियां भारत सरकार के मंत्रालयों एवं विभागों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करने के लिए गठित की जाती हैं। ये समितियां न केवल हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा करती हैं, बल्कि राजभाषा अधिनियम, राजभाषा नियमावली और केंद्र की भाषा-नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी निगरानी रखती हैं। इसके अलावा, समितियां समय-समय पर अपनी सिफ़ारिशें और वार्षिक प्रतिवेदन केंद्र सरकार को प्रस्तुत करती हैं।
समिति का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में रहेगा। उल्लेखनीय है कि श्री नवीन जैन वर्तमान में रक्षा संबंधी स्थायी समिति तथा गृह मंत्रालय की सलाहकार समिति के भी सदस्य हैं।
नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा,
हिंदी भाषा हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकता की मजबूत कड़ी है। समिति के माध्यम से मेरा प्रयास होगा कि हिंदी को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।