संसद की कार्मिक स्थायी समिति में सांसद नवीन जैन सदस्य नामित, प्रशासनिक सुधारों में निभाएंगे भूमिका
आगरा। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन को संसद की कार्मिक, लोक शिकायत, विधि एवं न्याय संबंधी स्थायी समिति का सदस्य बनाया गया है। यह समिति देश की प्रशासनिक पारदर्शिता, जन शिकायत निवारण और विधिक सुधारों पर नीतिगत समीक्षा करती है।
संसद की विभाग-संबंधी संसदीय स्थायी समितियों का पुनर्गठन वर्ष 2025-26 के लिए किया गया है। इन समितियों में लोकसभा और राज्यसभा के लिए अलग-अलग सदस्य मनोनीत किए जाते हैं, ताकि दोनों सदनों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। इन समितियों का उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कार्यों की समीक्षा कर नीतिगत सुझाव देना होता है।
इन्हीं में से एक प्रमुख समिति जो कार्मिक, लोक शिकायत, विधि एवं न्याय संबंधी है, में राज्यसभा सांसद नवीन जैन को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह समिति सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था, जन शिकायत निवारण और विधिक मामलों की समीक्षा से जुड़ी है। इस समिति के अध्यक्ष राज्यसभा सांसद बृजलाल होंगे। एन.आर. एलंगो, रंजन गोगोई, मनन कुमार मिश्रा, कपिल सिब्बल आदि को भी इस समिति में शामिल किया गया है।
सांसद श्री जैन ने कहा कि यह दायित्व मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं जनता की आवाज़ को संसद तक पहुंचाने और प्रशासनिक सुधारों के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।