सांसद नवीन जैन ने उठाई आगरा की जर्जर सड़कों की आवाज़, केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखा पत्र
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा की खस्ताहाल उपरिपथीय (सर्विस रोड) सड़कों को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सिकन्दरा से रामबाग चौराहे तक बनी उपरिपथीय सड़कों की तत्काल मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग रखी है।
आगरा की जीवनरेखा बनी मुसीबत
सांसद जैन ने पत्र में कहा कि यह मार्ग आगरा की जीवनरेखा है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। मगर लंबे समय से रखरखाव न होने के कारण सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। गहरे गड्ढों, जगह-जगह टूट-फूट होने से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इन वजहों से आमजन को रोजाना भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पर्यटन नगरी की छवि पर धब्बा
सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि आगरा एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है। प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों पर्यटक ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसी धरोहरों को देखने आते हैं। मगर जर्जर सड़कें और धूल-मिट्टी से भरे मार्ग आगरा की छवि को धूमिल कर रहे हैं।
प्रमुख स्थानों की हालत बदतर
पत्र में उन्होंने बताया है कि सिकन्दरा, ट्रांसपोर्ट नगर, खंदारी चौराहा, मंगलम टॉकीज, सुल्तानगंज की पुलिया, कमला नगर, नालबंद चौराहा, वजीरपुर और नामनेर जैसे प्रमुख क्षेत्रों की सड़कें पूरी तरह टूटी पड़ी हैं। इन मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव अधिक है और गड्ढे वाहनों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं।
बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब गड्ढे पानी से भर जाते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
जनता और व्यापारियों की परेशानी
सांसद के अनुसार इन मार्गों से रोज़ाना आवागमन करने वालों को जाम में फंसना पड़ता है। इन क्षेत्रों के व्यापारियों का कहना है कि गड्ढों की वजह से ट्रक और छोटे वाहन बार-बार खराब हो जाते हैं, जिससे समय और धन की बर्बादी होती है। आम नागरिकों को भी खराब सड़कों के चलते स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को यात्रा करने में भारी कठिनाई होती है।
गडकरी से तुरंत कार्रवाई का अनुरोध
सांसद नवीन जैन ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य तुरंत शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि अगर सड़कों की हालत सुधारी जाती है तो आगरा की जनता को राहत मिलेगी। पर्यटन को नई गति मिलेगी। दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आवागमन सुचारु होगा।
सांसद ने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर विभागीय अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस मामले की नियमित समीक्षा करेंगे और जब तक सड़क सुधार का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रयास जारी रखेंगे।