एत्मादपुर चौराहे पर जाम से निजात को फ्लाईओवर बने, सांसद नवीन जैन ने परिवहन मंत्री को लिखा पत्र
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर आगरा-कानपुर हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-19) पर एत्मादपुर चौराहे की भीषण यातायात समस्या का स्थायी समाधान सुझाया है। उन्होंने इस चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण कराने की मांग की है।
यातायात जाम से जनजीवन प्रभावित
पत्र में सांसद ने बताया कि एत्मादपुर चौराहा, जो आगरा और फिरोजाबाद के बीच स्थित है, वहां प्रतिदिन गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस जाम के कारण स्थानीय नागरिक, राहगीर और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदूषण और ईंधन की खपत बढ़ रही
नवीन जैन ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि जाम की स्थिति के चलते वाहन धीमी गति से चलते हैं, जिससे ईंधन की खपत बढ़ती है और प्रदूषण का स्तर भी उच्च होता जा रहा है। यह स्थिति पर्यावरण के लिए भी खतरा बनती जा रही है।
फ्लाईओवर निर्माण ही स्थायी समाधान
उन्होंने सुझाव दिया है कि एत्मादपुर चौराहे पर एक फ्लाईओवर का निर्माण करवाया जाए, जिससे न केवल यातायात की गति सुधरेगी, बल्कि जाम की समस्या से भी स्थायी निजात मिलेगी। सांसद ने मंत्री से इस विषय में शीघ्र कदम उठाने का अनुरोध किया है।